कांग्रेस के सत्ता में आने के बाद जनता का जीना हो गया दुभर, सुख की बजाये दुख दे रहे मुख्यमंत्री : भाजपा
प्रदेश सरकार की ओर से कुछ समय पहले बंद किए गए संस्थानों काे लेकर भाजपा का गुस्सा थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार को भाजपा संगठनात्मक जिला देहरा के तहत तीनों विधानसभा क्षेत्रों देहरा, ज्वालामुखी और जसवां परागपुर से पार्टी कार्यकर्ता प्रदर्शन करने देहरा पहुंचे

यंगवार्ता न्यूज़ - काँगड़ा 10-03-2023
प्रदेश सरकार की ओर से कुछ समय पहले बंद किए गए संस्थानों काे लेकर भाजपा का गुस्सा थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार को भाजपा संगठनात्मक जिला देहरा के तहत तीनों विधानसभा क्षेत्रों देहरा, ज्वालामुखी और जसवां परागपुर से पार्टी कार्यकर्ता प्रदर्शन करने देहरा पहुंचे। प्रदेश भाजपा प्रभारी एवं पूर्व राज्यसभा सदस्य अविनाश राय खन्ना के साथ ही ज्वालामुखी के पूर्व विधायक रमेश धवाला, देहरा के पूर्व विधायक रविंदर सिंह रवि और जसवां-परागपुर के विधायक बिक्रम सिंह भी प्रदर्शन का हिस्सा बने।
सभी सुबह करीब 11 बजे ट्रेड फेयर मैदान के पास इकट्ठा हुए। इसके बाद रैली की शक्ल में तहसील चौक होते हुए एसडीएम कार्यालय परिसर में इकट्ठा हुए। खन्ना ने इस मौके पर कहा कि प्रदेश के लोगों ने बड़ी उम्मीद के साथ कांग्रेस को सरकार बनाने का मौका दिया था। लेकिन सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रदेश की बागडोर संभालते ही लोगों के विरोध में फैसले लेना शुरू कर दिया है।
भाजपा की पूर्व सरकार के समय खोले गए संस्थानों को बंद करना इसी का हिस्सा है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू जनता को सुख देने की बजाय दुख दे रहे हैं। जयराम सरकार ने जरूरत के हिसाब से प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर कई जरूरी संस्थान खोले थे, लेकिन सरकार ने सत्ता संभालते ही सब कुछ बंद कर दिया। इस वजह से जनता में रोष है।
पूर्व मंत्री रविंद्र रवि ने कहा कि जब जब प्रदेश में कांग्रेस सत्ता में आई है, लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। सरकार आए दिन जन विरोधी फैसले जनता पर लाद रही है। जसवां परागपुर के विधायक बिक्रम ठाकुर ने कहा कि उन्होंने जनता की सुविधा को देखते हुए रक्कड़ और कोटला बेहड़ में एसडीएम कार्यालय खुलवाए थे।
साथ ही डाडासीबा में भी बीडीओ कार्यालय दिया था। लेकिन प्रदेश में सत्ता संभालते ही कांग्रेस ने इन्हें बंद करवाकर अपना जन विरोधी चेहरा दिखा दिया है। उन्होंने कहा कि संस्थानों की बहाली तक जनता को साथ लेकर वह सरकार के खिलाफ प्रदर्शन जारी रखेंगे।