कैबिनेट मंत्री जगत सिंह नेगी व सी.पी.एस सुंदर सिंह ठाकुर का पांगी गांव में भव्य स्वागत
राजस्व, बागवानी एवं जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी व मुख्य संसदीय सचिव बहुउद्देशीय परियोजनाएं विद्युत, पर्यटन, वन एवं परिवहन संुदर सिंह ठाकुर का आज जिला किन्नौर के पांगी गांव पहुंचने पर गांववासियों ने पारम्परिक वाद्य यंत्रों के साथ भव्य स्वागत किया

काशंग व शोंगटोंग परियोजनाओं का कार्य ढाई साल में पूरा करने का है लक्ष्य
यंगवार्ता न्यूज़ - किन्नौर 09-03-2023
राजस्व, बागवानी एवं जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी व मुख्य संसदीय सचिव बहुउद्देशीय परियोजनाएं विद्युत, पर्यटन, वन एवं परिवहन संुदर सिंह ठाकुर का आज जिला किन्नौर के पांगी गांव पहुंचने पर गांववासियों ने पारम्परिक वाद्य यंत्रों के साथ भव्य स्वागत किया।
गांववासियों को सम्बोधित करते हुए जगत सिंह नेगी ने बताया कि पांगी गांव की 11 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित मल निकासी योजना का कार्य शीघ्र आरंभ किया जाएगा। इसके अतिरिक्त जिला के हर गांव में मल निकासी योजना तैयार करने की दिशा में कार्य किया जाएगा। उन्होंने बताया कि वर्ष 2007 में सांगला पहला ऐसा गांव था जहां मल निकासी योजना शुरू की गई थी।
केबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रदेश के सरकारी स्कूलों में सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं परंतु शिक्षा की गुणवत्ता में बढ़ौतरी की आवश्यकता है। इस दिशा में उन्होंने पांगी विद्यालय में पहली कक्षा से ही अंग्रेजी मीडियम में पढ़ाई करवाने के निर्देश दिए।
केबिनेट मंत्री ने कहा कि जिला में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए अनेक कदम उठाए जाएंगे जिसके तहत मुक्किम-चिक्किम को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने के प्रयास किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त छितकुल से रक्च्छम के बीच राफ्टिंग का ट्रायल किया गया है और आने वाले समय में वहां राफ्टिंग की सुविधा उपलब्ध करवाने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार लोगों को नो-तोड़ का अधिकार दिलवाने के प्रति वचनबद्ध है। इसी दिशा में अधिकारियों द्वारा हर खण्ड व तहसील स्तर पर एफ.आर.ए की जानकारी लोगों को देने के लिए जागरूकता शिविर आयोजित किए जाएंगे जिसके लिए 10 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।
मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में सरकार प्रदेश में व्यवस्था परिवर्तन के लिए आई है और प्रदेश की आर्थिकी को पटरी पर लाएगी। उन्होंने कहा कि पहली ही कैबिनेट में 1.36 लाख सरकारी कर्मचारियों के लिए ओपीएस बहाल की गई है और प्रदेश की महिलाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह भी शीघ्र उपलब्ध करवाए जाएंगे।
मुख्य संसदीय सचिव सुंदर सिंह ठाकुर ने कहा कि किन्नौर तथा कुल्लू दोनों जिले एक समान हैं और एक ही संसदीय क्षेत्र के तहत आते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और कैबिनेट मंत्री जगत सिंह नेगी के नेतृत्व में किन्नौर जिला में भरपूर विकास होगा।
सुदंर सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने तथा किसानों की आर्थिकी सुधारने के हिए किसानों सेे 80 रुपये किलो गाय का दूध और 100 रुपये किलो भैंस का दूध खरीदा जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे गायों को लावारिस छोड़ना भी कम होगा और बागीचों के लिए भी खाद उपलब्ध होगी।
उन्होंने कहा कि किन्नौर जिला में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए स्कींग, पैरागलाइडिंग, राफ्टिंग जैसी अनेक गतिविधियां आयोजित की जा सकती हैं। इसके अतिरिक्त जिला में बड़े बांध व बैराज हैं जिनमें जल क्रिड़ाएं आयोजित की जा सकती हैं। उन्होंने केबिनेट मंत्री जगत सिंह नेगी से इस दिशा में कार्य करने का आग्रह किया।
इस अवसर पर सी.पी.एस की धर्म-पत्नी इंदिरा ठाकुर, प्रबंध निदेशक हिमाचल प्रदेश विद्युत निगम लिमिटेड हरिकेश मीणा, मुख्य अरण्यपाल अजीत ठाकुर, उपमंडल दण्डाधिकारी कल्पा डाॅ. मेजर शशांक गुप्ता, हिमाचल प्रदेश विद्युत निगम लिमिटेड के वरिष्ठ अधिकारी तथा अन्य व्यक्ति उपस्थित रहे।