जमीनी विवाद के चलते दो गुटों में चली कुल्हाड़ी, 62 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जनपद के डोलांगांव में एक ही परिवार के दो गुटों के बीच हुई जमीनी विवाद में कुल्हाड़ी चलने पर 62 वर्षीय व्यक्ति की मौत

यंगवार्ता न्यूज़ - बिलासपुर 07-06-2022
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जनपद के डोलांगांव में एक ही परिवार के दो गुटों के बीच हुई जमीनी विवाद में कुल्हाड़ी चलने पर 62 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। मामले में पुलिस ने मां बेटे सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
बताया जा रहा है कि यह घटना शनिवार सुबह गांव डोळां में लगभग 7:15 सुबह खेत में बने बन्ने को लेकर घटी। जानकारी अनुसार पहले जमीनी विवाद को लेकर थोड़ी बहस हुई और देखते ही देखते एक दूसरे पर तेज हथियारों से हमला हो गया।
फलस्वरूप खेत के बन्ने के विवाद ने देशराज पुत्र भगवानू राम को कुल्हाड़ी के प्रहार से गंभीर जख्मी कर दिया। घायल अवस्था में देशराज को पहले समीपवर्ती पंजाब के शहर आनंदपुर साहिब ले जाया गया।
हालत नाजुक देख कर डॉक्टरों ने देशराज को पीजीआई रैफर कर दिया, जहां पर व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं थाना कोट पुलिस ने इस संबंध में कुंती देवी धर्मपत्नी पहुराम और उसके दोनों बेटे पुनीत तथा कैलाश को धारा 302 के अंतर्गत गिरफ्तार कर लिया है।
बताया जा रहा है कि पहले भी इन दोनों परिवारों के बीच में लगातार छह महीनों से जमीनी विवाद चल रहा था। इसके तहत दो बार थाना कोट में भी इनकी शिकायत हुई थी, यहां तक पंचायत में भी इन दोनों परिवारों के बीच में समझौता करवाया गया था।
बावजूद इसके शनिवार सुबह 7:15 बजे खेत के किसी बन्ने को लेकर पहले आपस में तू-तू, मैं-मैं हो गई। जिसके चलते बाद में दोनों परिवारों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। कुंती देवी धर्मपत्नी पहूराम और उसके दोनों बेटे पुनीत व कैलाश ने कुल्हाड़ी के साथ हमला कर दिया। घायल अवस्था में देशराज की पत्नी ज्ञानोदेवी और उसके पुत्र सतीश ने देशराज को आनंदपुर साहिब अस्पताल पहुंचाया, वहां पर हालत नाजुक देखकर डॉक्टर ने उसे पीजीआई के लिए रैफर कर दिया, जहां पर देशराज की मौत हो गई।
घटना की पुष्टि करते हुए नयना देवी के डीएसपी पूर्ण चंद ने बताया कि व्यक्ति की मौत के बाद पुलिस ने धारा 302 के अंतर्गत मामला भी दर्ज कर लिया, जिसके चलते मां सहित दोनों बेटों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।