लाहौल घाटी के लोगों को डेढ़ महीने के बाद मिलेंगी एचआरटीसी की बस सेवा

लाहौल घाटी के लोगों को डेढ़ महीने के बाद एचआरटीसी की बस सेवा मिलने जा रही है। परिवहन निगम का केलांग डिपो 27 फरवरी से केलांग-उदयपुर के बीच बस सेवा आरंभ करने जा रहा

लाहौल घाटी के लोगों को डेढ़ महीने के बाद मिलेंगी एचआरटीसी की बस सेवा

यंगवार्ता न्यूज़ - लाहौल      25-02-2023

लाहौल घाटी के लोगों को डेढ़ महीने के बाद एचआरटीसी की बस सेवा मिलने जा रही है। परिवहन निगम का केलांग डिपो 27 फरवरी से केलांग-उदयपुर के बीच बस सेवा आरंभ करने जा रहा है। 

बस सेवा शुरू होने से घाटी के लोगों को आवाजाही में बड़ी राहत मिलेगी। अभी तक लाहौल के लोग टैक्सियों में ही सफर करने को मजबूर थे। लोग लाहौल से मनाली, कुल्लू के लिए टैक्सी में आवाजाही कर रहे थे।

अब निगम बसों को शुरू करने जा रहा है। इससे घाटीवासियों को टैक्सी के महंगे सफर से राहत मिलेगी। सोमवार से केलांग-उदयपुर मार्ग पर बस संचालन से लोगों में खुशी की लहर है। बर्फबारी में बसों का संचालन ठप पड़ने से लोगों को लोकल रूटों पर भी टैक्सियों का ही सहारा लेना पड़ रहा था।

24 फरवरी को निगम की एक टीम ने मनाली-केलांग-उदयपुर सड़क का निरीक्षण किया। उसके बाद ही बस चलाने का फैसला लिया गया है। बता दें कि 9 जनवरी को बर्फबारी से घाटी सहित मनाली के लिए बस सेवा बंद हो गई थी।

हिमाचल पथ परिवहन निगम की केलांग डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक अंचित शर्मा ने बताया कि परिस्थितियां ठीक रहीं तो 27 फरवरी से केलांग-उदयपुर के बीच बस सेवा शुरू कर दी जाएगी। 

इसी दिन केलांग-दारचा मार्ग पर भी निगम की एक टीम निरीक्षण करेगी। इसके बाद इस रूट पर बस चलाने का फैसला लिया जाएगा। अंचित शर्मा ने कहा कि एक मार्च को केलांग-मनाली रूट पर भी बस का ट्रायल लिया जाएगा।