हिमाचल में आठ लाख बेरोजगारों की फौज, अकेले कांगड़ा जिला में डेढ़ लाख से ज्यादा युवा रोजगार कार्यालय में पंजीकृत 

प्रदेश में नौकरी की तलाश में रोजगार कार्यालयों के दर पहुंचने वाले युवाओं का आंकड़ा आठ लाख से अधिक है। वर्तमान में प्रदेश की कुल आबादी का दस फीसदी से अधिक तबका नौकरी की तलाश में है

हिमाचल में आठ लाख बेरोजगारों की फौज, अकेले कांगड़ा जिला में डेढ़ लाख से ज्यादा युवा रोजगार कार्यालय में पंजीकृत 

यंगवार्ता न्यूज़ - शिमला     18-03-2023

प्रदेश में नौकरी की तलाश में रोजगार कार्यालयों के दर पहुंचने वाले युवाओं का आंकड़ा आठ लाख से अधिक है। वर्तमान में प्रदेश की कुल आबादी का दस फीसदी से अधिक तबका नौकरी की तलाश में है। 31 दिसंबर, 2022 तक प्रदेश के विभिन्न रोजगार कार्यालयों में पंजीकृत बेरोजगारों का आंकड़ा 821895 है। 

इनमें से भी दो जिलों कांगड़ा और मंडी में पंजीकृत बेरोजगारों की संख्या तीन लाख से ज्यादा है। प्रदेश के अन्य दस जिलों में से आठ में पंजीकृत बेरोजगारों का ग्राफ 50 हजार से अधिक है, जबकि लाहौल-स्पीति तथा किन्नौर में ही यह ग्राफ दस हजार से कम है। 

जिला कांगड़ा में नौकरी की तलाश में रोजगार कार्यालयों में पंजीकृत लोगों का आंकड़ा सबसे ज्यादा है। जिला में पंजीकृत बेरोजगारों की संख्या 166325 है। प्रदेश में बेरोजगारों की संख्या के आधार पर मंडी जिला दूसरे नंबर पर है और यहां पर 161085 लोग पंजीकृत हैं। 

कांगड़ा और मंडी दो जिले प्रदेश के कुल पंजीकृत बेरोजगारों में से 40 फीसदी से ज्यादा का आंकड़ा समेटे हुए हैं। जिला बिलासपुर में 5543, जिला चंबा में 62436, जिला हमीरपुर में 61989, जिला कुल्लू में 53826, जिला शिमला में 71316, जिला सिरमौर में 60475, जिला सोलन में 51490 ओर जिला उना में 64384 पंजीकृत बेरोजगार हैं। 

जबकि जिला किन्नौर में यह आंकड़ा 8300 और जिला लाहौल-स्पीति में 5226 है। प्रदेश में बेरोजगारी का मुद्दा लंबे समय से चर्चा में है और चुनावों से पूर्व लगभग तमाम राजनीतिक दल युवाओं को रोजगार प्रदान करने के दावे करते रहे हैं।