माता पद्मावती कॉलेज ऑफ नर्सिंग की छात्रा अंकिता चौधरी को जर्मनी में मिली नौकरी
माता पद्मावती कॉलेज ऑफ नर्सिंग के लिए गर्व का विषय है कि रामपुर माजरी निवासी अंकिता चौधरी ने नर्सिंग शिक्षा और जर्मन भाषा प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद जर्मनी में नौकरी हासिल की है। अंकिता अमरजीत सिंह की पुत्री हैं और उन्होंने वर्ष 2023 में माता पद्मावती कॉलेज ऑफ नर्सिंग, नाहन से बी.एससी. नर्सिंग की पढ़ाई पूरी की थी।
यंगवार्ता न्यूज नाहन 18 जून, 2026 :
माता पद्मावती कॉलेज ऑफ नर्सिंग के लिए गर्व का विषय है कि रामपुर माजरी निवासी अंकिता चौधरी ने नर्सिंग शिक्षा और जर्मन भाषा प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद जर्मनी में नौकरी हासिल की है। अंकिता अमरजीत सिंह की पुत्री हैं और उन्होंने वर्ष 2023 में माता पद्मावती कॉलेज ऑफ नर्सिंग, नाहन से बी.एससी. नर्सिंग की पढ़ाई पूरी की थी।
कॉलेज परिसर में वर्ष 2023 में जर्मनी प्लेसमेंट के लिए एक विशेष संस्थान की शुरुआत की गई थी। इसी पहल के तहत अंकिता चौधरी का चयन जर्मनी के एक प्रतिष्ठित मल्टीस्पेशियलिटी अस्पताल में हुआ है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में करियर बनाने के लक्ष्य के साथ उन्होंने कॉलेज द्वारा संचालित जर्मन भाषा प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रवेश लिया और कठिन परिश्रम व समर्पण के बल पर भाषा प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा किया।
अंकिता ने जर्मनी में नौकरी प्राप्त करने के लिए आवश्यक सभी प्रक्रियाओं और पात्रताओं को पूरा किया। हाल ही में उन्होंने जर्मनी पहुंचने के बाद अपनी कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी साझा की हैं। उनकी इस उपलब्धि पर परिवार में खुशी का माहौल है। उनके माता-पिता ने इसे बेटी की मेहनत, लगन और संस्कारों का परिणाम बताया।
कॉलेज के शिक्षकों ने बताया कि अंकिता शुरू से ही एक मेहनती, अनुशासित और प्रतिभाशाली छात्रा रही हैं। कॉलेज की प्राचार्या रिजी गीवरगीज़ ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी और यह साबित करती है कि समर्पण और सही मार्गदर्शन से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट अवसर प्राप्त किए जा सकते हैं।
कॉलेज के चेयरमैन अनिल जैन और जनरल सेक्रेटरी सचिन जैन ने भी अंकिता को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि न केवल अंकिता की व्यक्तिगत सफलता है, बल्कि संस्थान की गुणवत्ता और विद्यार्थियों को वैश्विक अवसरों के लिए तैयार करने के प्रयासों का भी प्रमाण है।
इस अवसर पर कॉलेज प्रबंधन ने जर्मनी सहित विभिन्न देशों में कुशल नर्सिंग पेशेवरों की बढ़ती मांग का उल्लेख करते हुए कहा कि विदेशी रोजगार के लिए भाषा ज्ञान और पेशेवर दक्षता दोनों समान रूप से महत्वपूर्ण हैं। अंकिता चौधरी की सफलता उन नर्सिंग विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा है जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपना करियर बनाने का सपना देखते हैं।
कॉलेज परिवार ने अंकिता के उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य और निरंतर सफलता की कामना करते हुए विश्वास जताया कि संस्थान की छात्राएं भविष्य में भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपने परिवार, संस्थान और प्रदेश का नाम रोशन करती रहेंगी।
What's Your Reaction?




