नाहन को फिर से प्रदेश का सबसे सुंदर और व्यवस्थित शहर बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे : विधायक अजय सोलंकी

नाहन नगर परिषद के वर्तमान कार्यकाल की प्रथम हाउस बैठक आज नगर परिषद अध्यक्षा उपमा धीमान की अध्यक्षता में आयोजित हुई, जिसमें विधायक अजय सोलंकी ने विशेष रूप से भाग लिया। बैठक में शहर के समग्र विकास, स्वच्छता, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार तथा भविष्य की विकास योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

Jul 31, 2026 - 18:37
 0  17
नाहन को फिर से प्रदेश का सबसे सुंदर और व्यवस्थित शहर बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे : विधायक अजय सोलंकी

यंगवार्ता न्यूज - नाहन 31 जुलाई, 2026 : 

नाहन नगर परिषद के वर्तमान कार्यकाल की प्रथम हाउस बैठक आज नगर परिषद अध्यक्षा उपमा धीमान की अध्यक्षता में आयोजित हुई, जिसमें विधायक अजय सोलंकी ने विशेष रूप से भाग लिया। बैठक में शहर के समग्र विकास, स्वच्छता, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार तथा भविष्य की विकास योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए विधायक अजय सोलंकी ने कहा कि एक समय नाहन अपनी स्वच्छता, सुंदरता और सुव्यवस्थित व्यवस्था के कारण 'नगीना शहर' के नाम से जाना जाता था। बीते वर्षों में शहर में जो कमियां और अव्यवस्थाएं पैदा हुई हैं, उन्हें दूर करते हुए नाहन को फिर से उसकी पुरानी गौरवशाली पहचान दिलाने के लिए योजनाबद्ध ढंग से कार्य किया जाएगा।

बैठक में शहर की सफाई व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने, सभी खराब स्ट्रीट लाइटों को शीघ्र दुरुस्त करने तथा आवश्यकता अनुसार नई स्ट्रीट लाइटें स्थापित करने, पार्किंग व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, स्ट्रीट वेंडर्स के लिए उपयुक्त स्थान चिन्हित करने तथा रानीताल और विला राउंड के सौंदर्यीकरण को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान सभी पार्षदों के सुझाव गंभीरता से सुने गए और उन्हें विकास योजनाओं में शामिल करने पर सहमति बनी।

विधायक अजय सोलंकी ने कहा कि नाहन शहर के विकास को लेकर उनका स्पष्ट विज़न है। शहर की प्रत्येक छोटी-बड़ी समस्या का स्थायी समाधान करते हुए विकास कार्यों को चरणबद्ध तरीके से धरातल पर उतारा जाएगा, ताकि आने वाले वर्षों में नाहन फिर से अपनी ऐतिहासिक पहचान 'नगीना शहर' के रूप में स्थापित हो सके।

उन्होंने विश्वास दिलाया कि नाहन शहर के विकास के लिए धन की किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। प्रदेश सरकार हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी और नगर परिषद, सभी पार्षदों तथा शहरवासियों के सामूहिक प्रयासों से नाहन को फिर से प्रदेश के सबसे सुंदर, स्वच्छ, व्यवस्थित और आदर्श शहरों में शामिल किया जाएगा।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow