सरकारी ई-बाज़ार और ऑनलाइन व्यापार पर केंद्रित कार्यशाला आयोजित
उद्योग विभाग द्वारा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय के ‘सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम प्रदर्शन संवर्धन एवं तीव्रता कार्यक्रम (रैम्प)’ के अंतर्गत आज कुनिहार में एक दिवसीय जागरूकता कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। कार्यशाला की अध्यक्षता ज़िला उद्योग केन्द्र के प्रबंधक विनय वर्मा ने की।
विनय वर्मा ने कहा कि कार्यशाला का उद्देश्य सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों, स्वयं सहायता समूहों तथा पंचायत प्रतिनिधियों को डिजिटल साधनों, ऑनलाइन व्यापार मंचों, सरकारी ई-बाजार तथा सूक्ष्म एवं लघु उद्यम समूह विकास योजना से जोड़कर सशक्त बनाना था। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को डिजिटल साधनों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि रैम्प कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित ऐसे प्रशिक्षण ग्रामीण उद्यमियों को मुख्यधारा की अर्थव्यवस्था से जोड़ने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी ई-बाज़ार तथा ऑनलाइन व्यापार के माध्यम से सोलन ज़िला के स्थानीय उत्पाद राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बना सकते हैं। इस अवसर पर प्रतिभागियों को उद्यमिता के विभिन्न पहलुओं तथा ऑनलाइन व्यापार मंचों के माध्यम से बाज़ार विस्तार की जानकारी प्रदान की। सामाजिक माध्यमों के जरिए प्रचार-प्रसार, व्हाट्सऐप व्यापार सेवा, डिजिटल भुगतान तथा ऑनलाइन पहचान निर्माण के व्यावहारिक उपायों पर विशेष बल दिया।
कार्यशाला में विशेषज्ञों द्वारा सरकारी ई-बाज़ार के सार्वजनिक क्रय प्रणाली मॉड्यूल पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। विशेषज्ञों ने कहा कि इस मंच से जुड़कर स्थानीय उद्यमी सीधे सरकारी विभागों को अपनी वस्तुएं एवं सेवाएं उपलब्ध करा सकते हैं। इससे पारदर्शी भुगतान तथा राष्ट्रीय स्तर के बाजार तक पहुंच संभव होती है। उन्होंनं कहा कि समूह आधारित विकास से कुनिहार क्षेत्र के पारंपरिक उत्पादों की गुणवत्ता, पैकेजिंग तथा विपणन को नया आयाम मिल सकता है। सत्र के दौरान प्रतिभागियों का सरकारी ई-बाजार पर पंजीकरण एवं सूचीकरण भी कराया गया। इसमें अनेक प्रतिभागियों ने विक्रेता के रूप में अपना पंजीकरण करवाया।
कार्यशाला का संचालन ज़िला उद्योग केंद्र की समन्वयक सुनीता शर्मा द्वारा किया गया। कार्यशाला में 125 से अधिक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इनमें स्थानीय उद्यमी, स्वयं सहायता समूहों की महिला सदस्याएं सहित ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधि उपस्थित थे। कार्यक्रम को तीन प्रमुख सत्रों में आयोजित किया गया।
What's Your Reaction?




