उपलब्धि : मंडी के पहलवान नवीन कुमार गुज्जर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक किया अपने नाम
चंडीगढ़ में आयोजित राष्ट्रीय अंतर विश्वविद्यालय कुश्ती प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी के बल्ह क्षेत्र से संबंध रखने वाले पहलवान नवीन कुमार गुज्जर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया
यंगवार्ता न्यूज़ - मंडी 10-01-2026
चंडीगढ़ में आयोजित राष्ट्रीय अंतर विश्वविद्यालय कुश्ती प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी के बल्ह क्षेत्र से संबंध रखने वाले पहलवान नवीन कुमार गुज्जर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। गांव हवाणू, डाकघर ट्रोह, तहसील बल्ह निवासी नवीन कुमार, जो वर्तमान में सीआरपीएफ में कार्यरत हैं, ने इस प्रतियोगिता में महाराष्ट्र, पंजाब, दिल्ली और हरियाणा के दिग्गज पहलवानों को पराजित कर यह बड़ी उपलब्धि हासिल की।
उनकी इस जीत से न केवल मंडी जिला बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन हुआ है। नवीन कुमार गुज्जर ने बचपन से ही कुश्ती के प्रति गहरी रुचि दिखाई। सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने निरंतर अभ्यास, अनुशासन और कड़ी मेहनत से खुद को साबित किया। आज वे राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना चुके हैं।
पिछले कुछ वर्षों में नवीन कुमार ने कई प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। वर्ष 2026 में चंडीगढ़ में आयोजित राष्ट्रीय अंतर विश्वविद्यालय कुश्ती प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक, वर्ष 2025 में सर्बिया में आयोजित अंतरराष्ट्रीय ओपन कुश्ती प्रतियोगिता में 70 किलोग्राम वर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व करना, 2025 की राष्ट्रीय चैंपियनशिप रांची और सीनियर फेडरेशन कप में स्वर्ण पदक उनकी प्रमुख उपलब्धियों में शामिल हैं।
इसके अलावा 2024 की यू-23 विश्व चैंपियनशिप में रजत पदक, 2023 के सीनियर विश्व चैंपियनशिप ट्रायल में कांस्य पदक और 2022 के राष्ट्रीय खेल गांधीनगर में कांस्य पदक जीत चुके हैं। मंडी अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि मेले में भी उन्होंने कई बार विशेष प्रदर्शन किया है।
What's Your Reaction?

