यंगवार्ता न्यूज़ - नाहन 15-04-2026
हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर में वन विभाग ने दुर्लभ प्रजाति के फर्न (वनस्पति) की तस्करी के खिलाफ कड़ा एक्शन लेते हुए एक बड़ी खेप बरामद की है। इस मामले में विभाग ने आरोपियों पर जुर्माना भी लगाया है। जानकारी के अनुसार वन विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि क्षेत्र में प्रतिबंधित व दुर्लभ फर्न पौधों को अवैध रूप से बाहर भेजा जा रहा है। सूचना के आधार पर विभाग की टीम ने छापेमारी कर संदिग्ध वाहन/स्थान से बड़ी मात्रा में फर्न बरामद किए।
वन विभाग ने संगड़ाह क्षेत्र में दुर्लभ बिरना फर्न से लदी एक पिकअप को पकड़कर तस्कर के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की है। वन विभाग को संगड़ाह-गत्ताधार मार्ग पर दुर्लभ फर्न की तस्करी की सूचना मिली थी। इसी आधार पर कार्यवाहक रेंज ऑफिसर सत्य प्रकाश शर्मा के नेतृत्व में टीम ने पिऊलीलाणी नामक स्थान पर नाकाबंदी की। तलाशी के दौरान पिकअप वाहन (HP 08-0220) से करीब 1 क्विंटल बिरना फर्न बरामद की गई। यह फर्न घाटों के आरक्षित वन क्षेत्र से अवैध रूप से लाई जा रही थी। डीएफओ (रेणुका जी) बलदेव राज कंडेटा ने बताया कि वाहन चालक की पहचान यशपाल (निवासी चौरास गांव) के रूप में हुई है। पकड़ी गई फर्न को कब्जे में लेने के बाद आरोपी से 30,000 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
इस कार्रवाई में वनकर्मी सत्यपाल, मुकेश, रवि और विक्रांत की टीम शामिल रही। गौर हो की बिरना फर्न हिमालयी क्षेत्रों में उगने वाली एक दुर्लभ वनस्पति है। अपनी खूबसूरती के कारण दिल्ली और चंडीगढ़ जैसे बड़े शहरों में फूलों के गुलदस्तों को सजाने के लिए इसकी भारी मांग रहती है। तस्कर अक्सर वन विभाग की नजरों से बचने के लिए इसे सब्जियों की गाड़ियों में छिपाकर हरियाणा और अन्य राज्यों में भेजते हैं। वन अधिकारियों ने बताया कि ये फर्न प्रजातियां पर्यावरण की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण हैं और इनकी अवैध तस्करी जैव विविधता के लिए खतरा बन सकती है। बरामद पौधों को सुरक्षित कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।