योग से निरोग का संदेश: 460 एनसीसी कैडेट्स व स्टाफ ने एक साथ किया योगाभ्यास
पहली हिमाचल (ब्वॉयज) बटालियन एनसीसी, सोलन द्वारा बद्दी स्थित चितकारा यूनिवर्सिटी परिसर में आयोजित 10 दिवसीय वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (एटीसी) के सातवें दिन विश्व योग दिवस उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर करीब 500 लोगों, जिनमें 460 एनसीसी कैडेट्स, अधिकारी एवं पीआई स्टाफ शामिल थे,
यंगवार्ता न्यूज सोलन, 21 जून, 2026 :
पहली हिमाचल (ब्वॉयज) बटालियन एनसीसी, सोलन द्वारा बद्दी स्थित चितकारा यूनिवर्सिटी परिसर में आयोजित 10 दिवसीय वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (एटीसी) के सातवें दिन विश्व योग दिवस उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर करीब 500 लोगों, जिनमें 460 एनसीसी कैडेट्स, अधिकारी एवं पीआई स्टाफ शामिल थे, ने एक साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ, तनावमुक्त और निरोग जीवन का संकल्प लिया।
शिविर का आयोजन प्रथम हिमाचल (ब्वॉयज) बटालियन, सोलन के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल राजीव थॉमस के नेतृत्व में किया जा रहा है। विश्व योग दिवस के अवसर पर विशेष योग सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें आयुष विभाग, बद्दी से आईं डॉ. वर्षा ठाकुर तथा योग प्रशिक्षक सुरेंद्र ने कैडेट्स, अधिकारियों एवं पीआई स्टाफ को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कराया।
योग प्रशिक्षकों ने बताया कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के संतुलन का माध्यम है। नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ रहता है, मानसिक तनाव कम होता है, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है तथा व्यक्ति अनुशासित और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित होता है। उन्होंने कैडेट्स से आह्वान किया कि वे योग को केवल एक दिवस तक सीमित न रखें, बल्कि इसे अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाएं।
कार्यक्रम के दौरान कैडेट्स ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ योगाभ्यास किया तथा स्वस्थ भारत के निर्माण में अपनी भागीदारी निभाने का संकल्प लिया। पूरे परिसर में योग के प्रति जागरूकता और सकारात्मक ऊर्जा का वातावरण देखने को मिला। इस अवसर पर कर्नल ए.एस. सिद्धू, चितकारा यूनिवर्सिटी के निदेशक (प्रशासन) कर्नल रवि कुमार शर्मा, सूबेदार मेजर अनिल कुमार, जेसीओ अतीक रहमान, एएनओ अनिल राणा, विकास शर्मा, नीरज राठौड़, चंद्रमणी, डॉ. प्रशांत रोहिता, अमरदेव, अंजना ठाकुर, सुमन देवी, राधिका सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
एनसीसी अधिकारियों ने कहा कि विश्व योग दिवस का उद्देश्य युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। एनसीसी प्रशिक्षण में शारीरिक फिटनेस, मानसिक दृढ़ता और अनुशासन का विशेष महत्व है, जिसमें योग महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। ऐसे आयोजन कैडेट्स को न केवल शारीरिक रूप से सशक्त बनाते हैं, बल्कि उनमें आत्मविश्वास, एकाग्रता और नेतृत्व क्षमता का भी विकास करते हैं।
What's Your Reaction?




