मां को भेजा आत्महत्या का ऑडियो, नहर किनारे छोड़ दिए कपड़े, पंजाब में जिंदा मिली बद्दी की महिला

आत्महत्या का ऐसा नाटक रचा कि पुलिस और परिजन चार दिनों तक नहर में शव तलाशते रहे, लेकिन आखिरकार महिला पंजाब में जीवित मिल गई। बद्दी के मलकू माजरा की 35 वर्षीय महिला ने अपनी मां को मोबाइल पर ऑडियो संदेश भेजकर पंजाब के घनौली क्षेत्र की नहर में कूदकर जान देने की बात कही थी।

Jul 16, 2026 - 14:13
 0  2
मां को भेजा आत्महत्या का ऑडियो, नहर किनारे छोड़ दिए कपड़े, पंजाब में जिंदा मिली बद्दी की महिला
यंगवार्ता न्यूज बद्दी 16 जुलाई, 2026 :
 
आत्महत्या का ऐसा नाटक रचा कि पुलिस और परिजन चार दिनों तक नहर में शव तलाशते रहे, लेकिन आखिरकार महिला पंजाब में जीवित मिल गई। बद्दी के मलकू माजरा की 35 वर्षीय महिला ने अपनी मां को मोबाइल पर ऑडियो संदेश भेजकर पंजाब के घनौली क्षेत्र की नहर में कूदकर जान देने की बात कही थी। ऑडियो सुनते ही परिवार में हड़कंप मच गया और पुलिस ने भी बड़े स्तर पर तलाश अभियान शुरू कर दिया। हालांकि लगातार चार दिन तक नहर में कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस को मामला संदिग्ध लगा। तकनीकी जांच के बाद महिला को पंजाब के रोपड़ से सुरक्षित बरामद कर लिया गया। पुलिस जांच में सामने आया कि महिला की शादी करीब १२ वर्ष पहले नालागढ़ के राजपुरा में हुई थी और उसके पांच बच्चे हैं। कुछ दिन पहले उसका पति उसे मायके छोड़ गया था। इसी दौरान उसका एक पुराना परिचित उसके संपर्क में आया और उसे पंजाब आने के लिए कहा। बिना किसी को शक हुए घर से निकलने के लिए महिला ने आत्महत्या की झूठी कहानी रच डाली।
 
योजना के तहत महिला ने अपनी मां को एक भावुक ऑडियो संदेश भेजा, जिसमें उसने नहर में छलांग लगाकर जीवन समाप्त करने की बात कही। इतना ही नहीं, उसने अपने कपड़े भी नहर के किनारे छोड़ दिए, ताकि सभी को लगे कि वह पानी में कूद गई है। ऑडियो मिलने के बाद परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। शिकायत दर्ज होते ही पुलिस ने स्थानीय प्रशासन की मदद से नहर और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक तलाश अभियान चलाया, लेकिन लगातार चार दिनों तक कोई शव या अन्य सुराग नहीं मिला। शव बरामद न होने पर पुलिस ने तकनीकी जांच का दायरा बढ़ाया। मोबाइल की लोकेशन, कॉल डिटेल और विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। जांच के दौरान महिला की गतिविधियां पंजाब की ओर जाती हुई मिलीं। इसके बाद पुलिस टीम ने रोपड़ पहुंचकर महिला को सुरक्षित बरामद कर लिया। एसपी बद्दी विनोद धीमान ने महिला के सकुशल मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि शुरुआती सूचना के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज करने में बाद नहर में व्यापक खोज अभियान चलाया था। बाद में तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर महिला का पता पंजाब के रोपड़ में चला, जहां से उसे सुरक्षित बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow