खेलों के जरिए पत्रकारों ने बढ़ाया आपसी भाईचारा, केरम-चेस और ब्रिज में दिखाया दमखम
जिला सोलन पत्रकार संघ ने शनिवार को पत्रकारों के लिए एकदिवसीय केरम, ब्रिज और चेस प्रतियोगिता का आयोजन किया। सुबह 9 बजे शुरू हुई यह प्रतियोगिता शाम 5:30 बजे तक चली। पूरे दिन चले मुकाबलों में पत्रकारों ने खेल भावना, आपसी सौहार्द और प्रतिस्पर्धा का शानदार परिचय दिया
यंगवार्ता न्यूज - सोलन 25 जुलाई, 2026 :
जिला सोलन पत्रकार संघ ने शनिवार को पत्रकारों के लिए एकदिवसीय केरम, ब्रिज और चेस प्रतियोगिता का आयोजन किया। सुबह 9 बजे शुरू हुई यह प्रतियोगिता शाम 5:30 बजे तक चली। पूरे दिन चले मुकाबलों में पत्रकारों ने खेल भावना, आपसी सौहार्द और प्रतिस्पर्धा का शानदार परिचय दिया। विभिन्न खेलों के रोमांचक मुकाबलों के बाद विजेताओं और उपविजेताओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त मेजर अतुल मेहता रहे। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं नकद राशि प्रदान की। इसके साथ ही प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता में सोलन पत्रकार संघ के अध्यक्ष पुनीत वर्मा ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रतियोगिता की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि पत्रकारों का कार्य बेहद व्यस्तता और तनाव से भरा होता है। दिन-रात खबरों की तलाश और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए पत्रकारों को स्वयं के लिए समय निकालना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में इस प्रकार की खेल प्रतियोगिताएं न केवल तनाव कम करने का माध्यम बनती हैं, बल्कि पत्रकारों के बीच आपसी भाईचारा और टीम भावना को भी मजबूत करती हैं। प्रतियोगिता के परिणामों में ब्रिज में अमरप्रीत पुंज और हरदयाल की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। पुनीत वर्मा और मोहन चौहान की जोड़ी उपविजेता रही।
केरम प्रतियोगिता में संजय हिन्दवान और हेमंत अत्रि की जोड़ी विजेता बनी, जबकि कमलेश कुमार और वेद आर्या की जोड़ी ने उपविजेता का स्थान प्राप्त किया। चेस प्रतियोगिता में पुनीत वर्मा ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। राजेश राज उपविजेता रहे। वहीं, केरम गर्ल्स वर्ग में नेहा शर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि पूनम शर्मा उपविजेता रहीं।
पत्रकार है कलम के वीर - मेजर अतुल मेहता
मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त मेजर अतुल मेहता ने अपने संबोधन में पत्रकारों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि लोकतंत्र का चौथा स्तंभ होने के नाते पत्रकार समाज और देश की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि "चौथा पिलर बाकी सभी पिलरों को पीछे छोड़ने की क्षमता रखता है।" उन्होंने कहा कि अक्सर लोग स्पेशल फोर्स को ही सबसे विशेष मानते हैं, लेकिन वास्तव में समाज में पत्रकारों की भूमिका भी किसी विशेष बल से कम नहीं है। पत्रकार अपनी कलम और साहस के दम पर ऐसे संघर्ष जीतते हैं, जिन्हें हथियारों से भी जीतना आसान नहीं होता। मेजर मेहता ने कहा कि इतिहास इस बात का गवाह है कि पत्रकारिता ने अनेक बड़ी लड़ाइयों और सामाजिक आंदोलनों को दिशा दी है। पत्रकारों की लेखनी ने व्यवस्था में बदलाव लाने का काम किया है और कई बार सत्ता परिवर्तन तक की परिस्थितियां पैदा की हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकार सच्चाई सामने लाने के लिए अपनी जान जोखिम में डालकर कार्य करते हैं और यही उन्हें समाज का सच्चा प्रहरी बनाता है। उन्होंने कहा कि "पत्रकार वास्तव में कलम के वीर हैं। उनकी कलम समाज को जागरूक करती है, अन्याय के खिलाफ आवाज उठाती है और लोकतंत्र को मजबूत बनाती है। प्रतियोगिता का समापन पुरस्कार वितरण और सभी प्रतिभागियों के सम्मान के साथ हुआ। पूरे आयोजन के दौरान पत्रकारों ने खेल भावना का परिचय देते हुए प्रतियोगिता का भरपूर आनंद लिया। उपस्थित सभी सदस्यों ने भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजनों को नियमित रूप से आयोजित करने पर बल दिया, ताकि पत्रकारों के बीच आपसी समन्वय, स्वास्थ्य और सकारात्मक माहौल को बढ़ावा मिल सके।
ये पत्रकार रहे मौजूद
ज्ञान सुमन, पवन ठाकुर, मोहन चौहान, सोमदत्त शर्मा,संजय हिन्दवान, सुखदर्शन ठाकुर, अमित चोपड़ा, यशपाल कपूर, रीता ठाकुर. अमित डोभाल, वेद आर्या, ललित कश्यप, कमलेश कुमार, तोमर ठाकुर, दीप कुमार, राजेश राज, सुनील कुमार( हैप्पी ) करण ठाकुर, हेमत अत्रि, कविराज, अमरप्रीत पुंज, हरदयाल,सुनील कुमार,सतीश दीपता, विवेक भारती, नेहा शर्मा, भावना ओबरोय, पूनम शर्मा,मुकेश, सुरेंद्र भट्टी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?

