चिकित्सा उपकरणों की खरीद प्रक्रिया में तेजी लाने के मंत्री धनी राम शांडिल ने दिए निर्देश
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल ने हिमाचल प्रदेश मेडिकल सर्विसेज कॉरपोरेशन लिमिटेड (Himachal Pradesh Medical Services Corporation Limited) की स्पेशल हाई पावर परचेज कमेटी की बैठक की अध्यक्षता की
यंगवार्ता न्यूज़ - शिमला 06-02-2026
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल ने हिमाचल प्रदेश मेडिकल सर्विसेज कॉरपोरेशन लिमिटेड (Himachal Pradesh Medical Services Corporation Limited) की स्पेशल हाई पावर परचेज कमेटी की बैठक की अध्यक्षता की।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ और आधुनिक बना रही है, ताकि प्रत्येक मरीज को उसके घर-द्वार पर उन्नत और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा सकें।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राज्य में पहली बार रोबोटिक सर्जरी की शुरुआत की गई है और लगभग 1,110 करोड़ रुपये खर्च कर स्टेट कैंसर इंस्टीट्यूट, ट्रॉमा सेंटर, कैंसर डे-केयर, चिकित्सा महाविद्यालयों और आदर्श स्वास्थ्य संस्थानों सहित पूरे प्रदेश में स्वास्थ्य अवसंरचना को सशक्त बनाया गया है।
उन्होंने बताया कि जापान इंटरनेशनल कोऑपरेशन एजेंसी (जाइका) के सहयोग से स्वास्थ्य क्षेत्र को और अधिक मजबूत किया जा रहा है। इसके प्रथम चरण में अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों की खरीद के लिए 1,710 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जबकि द्वितीय चरण में 1,617 करोड़ रुपये की कार्ययोजना को स्वीकृति के लिए भेजा गया है, जिससे गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य अवसंरचना को और सुदृढ़ किया जाएगा।
डॉ. शांडिल ने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण खरीद सुनिश्चित करने में एचपीएमएससीएल की भूमिका अहम है। उन्होंने अधिकारियों को चिकित्सा उपकरणों एवं सामग्री की निविदा और खरीद प्रक्रिया में तेजी लाने तथा पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए।
बैठक में नैदानिक सेवाओं को सुदृढ़ करने और उन्नत चिकित्सा उपकरणों की खरीद पर विशेष बल दिया गया। इनमें लैप्रोस्कोपिक सर्जरी सेट, शल्य चिकित्सा उपकरण, एफईएसएस एंडोस्कोपी यूनिट, मल्टी पैरा मॉनिटर्स सहित अन्य आधुनिक उपकरण शामिल हैं।
What's Your Reaction?

