यंगवार्ता न्यूज़ - नाहन 23-04-2026
जिला मुख्यालय नाहन स्थित पीएम श्री वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में इंस्पायर मानक योजना के तहत साइंस एंड टेक्नोलॉजी द्वारा छात्र-छात्राओं की वैज्ञानिक सोच और नवाचार को मंच देने के लिए जिला स्तरीय विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी में न सिर्फ सिरमौर बल्कि सोलन जिले के होनहार बच्चों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपने अभिनव मॉडल्स के जरिए विज्ञान के प्रति अपनी रुचि को प्रदर्शित किया।
मीडिया से बात करते हुए कार्यक्रम के नोडल अधिकारी सुनील कुमार और अमरीश शर्मा ने बताया कि यह प्रदर्शनी इंस्पायर मानक योजना के तहत साइंस एंड टेक्नोलॉजी विभाग द्वारा आयोजित की गई, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देना और उनकी प्रतिभा को एक मंच प्रदान करना है। इस प्रदर्शनी में जिला सिरमौर और सोलन से कुल 92 प्रतिभागियों का चयन किया गया था, जिन्होंने अपने-अपने नवाचार पूर्ण विज्ञान मॉडल प्रस्तुत किए।
छात्रों ने पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा के वैकल्पिक स्रोत, डिजिटल तकनीक और सामाजिक समस्याओं के समाधान जैसे विभिन्न विषयों पर आधारित मॉडल्स तैयार किए, जिन्हें प्रदर्शनी में प्रदर्शित किया गया। उन्होंने बताया कि हिमाचल में 6 ज़ोन बनाए गए हैं जहां इस तरह की प्रदर्शनी आयोजित की जा रही है। उन्होंने बताया कि इन प्रदर्शनियों से चयनित मॉडल राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन मई माह में सोलन स्थित शूलिनी विश्वविद्यालय में किया जाएगा, जहां ये छात्र अपने नवाचार को बड़े मंच पर प्रस्तुत करेंगे।