विबी-जी रामजी को लेकर मुख्यमंत्री और उनके मंत्रियों के सारे झूठ हवा-हवाई : जयराम ठाकुर
मंडी से जारी बयान में पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह, उनके मंत्रिमंडल के मंत्री और मित्र मंडल के करीबी लोग विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका मिशन ग्रामीण (विबी-जी रामजी) को लेकर लगातार अफवाह फैला रहे थे।
यंगवार्ता न्यूज मंडी 1 जुलाई, 2026 :
मंडी से जारी बयान में पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह, उनके मंत्रिमंडल के मंत्री और मित्र मंडल के करीबी लोग विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका मिशन ग्रामीण (विबी-जी रामजी) को लेकर लगातार अफवाह फैला रहे थे। मजदूरी कम करने की बातें कर रहे थे, जबकि विबी-जी रामजी कानून के सेक्शन 10 में यह बात पहले ही स्पष्ट थी कि किसी भी हालत में मनरेगा के मुकाबले मजदूरी कम नहीं होगी। बीते कल प्रकाशित हुए भारत के राजपत्र में भी यह बात साफ हो गई। इस तरह मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह और उनके मंत्रिमंडल का झूठ बेनकाब हो गया। लेकिन सबसे बड़ा सवाल यह है कि कानून में स्पष्ट प्रावधान होने के बाद भी खुद को बहुत पढ़ा-लिखा मुख्यमंत्री बताने वाले सुखविंदर सिंह सुक्खू खुद और अपने मंत्रियों से मजदूरी घटने की अफवाह क्यों उड़वा रहे थे? क्या यह अफवाह शरारतन फैलाई जा रही थी या उन्हें सच में इस बात की कोई जानकारी नहीं थी? अपने इस झूठ के लिए मुख्यमंत्री और उनके मंत्रिमंडल के सदस्यों को माफी मांगनी चाहिए।
विबी-जी रामजी में सरकार की जवाबदेही, रोजगार की पारदर्शिता, रोजगार के अधिकार, काम के भुगतान और रोजगार के दिनों में बढ़ोतरी के प्रावधान हैं और भ्रष्टाचार के चोर दरवाजे खत्म हो रहे हैं। इसी बात से सुक्खू सरकार परेशान है।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि विबी-जी रामजी 100 दिनों के बजाय 125 दिनों के रोजगार की गारंटी देता है। काम करने के इच्छुक हर व्यक्ति को रोजगार देने का प्रावधान है। निर्माण कार्य के खर्च में केंद्र ने अपनी 15% हिस्सेदारी बढ़ाई है। आपदा राहत और आपदा न्यूनीकरण के लिए भी विबी-जी रामजी में प्रावधान है। इसका सर्वाधिक लाभ हिमाचल प्रदेश के आपदा-ग्रस्त क्षेत्रों में राहत, पुनर्वास और आपदा न्यूनीकरण के कार्यों में लिया जा सकता है, लेकिन यह हिमाचल सरकार की प्राथमिकता ही नहीं है। सरकार सिर्फ झूठ बोलकर लोगों को गुमराह करते हुए अपना समय काट रही है।
जयराम ठाकुर ने 16वें वित्त आयोग के तहत हिमाचल प्रदेश को 240.5 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी किए जाने पर केंद्र सरकार का आभार जताते हुए कहा कि केंद्र सरकार हिमाचल के विकास के लिए सदैव तत्पर है। 15वें वित्त आयोग के मुकाबले यह राशि 30 प्रतिशत से अधिक है। इसमें ग्रामीण क्षेत्रों के विकास पर सर्वाधिक जोर दिया गया है। सुक्खू सरकार से आग्रह है कि केंद्र द्वारा भेजी जा रही धनराशि प्रदेश के विकास कार्यों में लगाई जाए।
सरकार के सारे हथकंडे फेल, धर्मशाला में बने भाजपा भाजपा के मेयर और डिप्टी मेयर
धर्मशाला नगर निगम में भाजपा के मेयर पद पर शमशेर नेहरिया और डिप्टी मेयर पद पर प्रेरणा गुलेरिया के निर्वाचित होने पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने दोनों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा हर प्रकार के दबाव और हथकंडे अपनाने के बावजूद लोकतंत्र की जीत हुई है और भाजपा ने धर्मशाला में अपना मेयर एवं डिप्टी मेयर बनाकर जनता के विश्वास पर एक बार फिर मुहर लगाई है। उन्होंने धर्मशाला की देवतुल्य जनता, सभी निर्वाचित पार्षदों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जनता के विश्वास की,भाजपा की विकासवादी सोच, सुशासन और जनसेवा की राजनीति की जीत है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मेयर शमशेर नेहरिया और डिप्टी मेयर प्रेरणा गुलेरिया के नेतृत्व में धर्मशाला नगर निगम विकास के नए आयाम स्थापित करेगा तथा जनता की अपेक्षाओं पर पूरी तरह खरा उतरेगा।
What's Your Reaction?




