टीजीटी के 937 पदों को भरने की प्रक्रिया पूरी, 1200 जेबीटी पदों की भर्ती प्रक्रिया शुरूः रोहित ठाकुर

शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने मंडी जिला के दो दिवसीय प्रवास के पहले दिन आज द्रंग विधानसभा क्षेत्र में 10.72 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी के नारला स्थित द्रंग परिसर तथा 1.74 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला साहल के भवन का उद्घाटन किया

Mar 11, 2026 - 16:18
 0  2
टीजीटी के 937 पदों को भरने की प्रक्रिया पूरी, 1200 जेबीटी पदों की भर्ती प्रक्रिया शुरूः रोहित ठाकुर
Paras School The Rose Orchid World School Admission Doon Valley Deeserve Media
Paras School The Rose Orchid World School Admission Doon Valley Deeserve Media

शिक्षा मंत्री ने करीब 11 करोड़ रुपए लागत से निर्मित सरदार पटेल विश्वविद्यालय के द्रंग परिसर का किया लोकार्पण

राजकीय डिग्री कॉलेज नारला के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में मेधावियों को किया सम्मानित
 
यंगवार्ता न्यूज़  - मंडी    11-03-2026

शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने मंडी जिला के दो दिवसीय प्रवास के पहले दिन आज द्रंग विधानसभा क्षेत्र में 10.72 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी के नारला स्थित द्रंग परिसर तथा 1.74 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला साहल के भवन का उद्घाटन किया। 

इसके उपरांत उन्होंने राजकीय डिग्री कॉलेज द्रंग, नारला के 18वें वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि भाग लिया और मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया। पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि राष्ट्र की सबसे बड़ी संपदा युवा हैं और उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में उच्च शिक्षा में ग्रॉस एनरोलमेंट रेशो लगभग 43 प्रतिशत है, जो देश में तमिलनाडु के बाद दूसरा स्थान है, जबकि तमिलनाडु में यह लगभग 47 प्रतिशत है। 

उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने अपने तीन वर्ष के कार्यकाल में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है, जिसके परिणामस्वरूप शिक्षा के क्षेत्र में प्रदेश की रैंकिंग 21वें स्थान से बढ़कर 5वें स्थान तक पहुंची है। इस दौरान सात हजार अध्यापकों की तैनाती की गई है। 

स्कूल कैडर पीजीटी के 600 से अधिक पद आयोग के माध्यम से भरे गए हैं, जबकि पिछली सरकार के कार्यकाल में लगभग 500 पद ही भरे गए थे। उन्होंने बताया कि राज्य चयन आयोग के माध्यम से टीजीटी के 937 पदों को भरने की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और दूरदराज क्षेत्रों में इन पदों को प्राथमिकता के आधार पर भरा जाएगा। 

इसके अतिरिक्त 1200 जेबीटी पदों को भरने की प्रक्रिया भी आरंभ हो चुकी है। जहां विद्यार्थियों की संख्या 20 से अधिक होगी, वहां दूसरा अध्यापक तैनात किया जाएगा। शिक्षा मंत्री ने पुरस्कार प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि वर्तमान में प्रदेश में 134 सरकारी महाविद्यालय कार्यरत हैं। 

शिक्षा मंत्री ने पूर्व मंत्री ठाकुर कौल सिंह की मांग पर राजकीय महाविद्यालय नारला में आगामी शैक्षणिक सत्र से राजनीति शास्त्र और इतिहास विषय में दो स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम शुरू करने की घोषणा की। उन्होंने आश्वस्त किया कि कॉलेज में खाली पदों को प्राथमिकता के आधार पर भरा जाएगा। 

छात्रावास निर्माण और मैदान के चारों ओर चारदीवारी लगाने के प्रस्ताव पर भी सरकार द्वारा विचार किया जाएगा। साथ ही शारीरिक शिक्षा के पद को सृजित करने का भी आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पधर को अगले शैक्षणिक सत्र से सीबीएसई से संबद्ध करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी और प्रयास रहेगा कि इसे इसी सत्र से लागू किया जा सके। 

इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि पूर्व मंत्री ठाकुर कौल सिंह, पूर्व मुख्य संसदीय सचिव सोहन लाल ठाकुर तथा जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष चंपा ठाकुर ने भी मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया। महाविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये गए। शिक्षा मंत्री ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए 50 हजार रूपए प्रदान करने की घोषणा की।

समारोह में पूर्व मुख्य संसदीय सचिव सोहल लाल ठाकुर, सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी के कुलपति डॉ. ललित अवस्थी, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष चंपा ठाकुर, वामन देव ठाकुर, एचपीएमसी के निदेशक मंडल सदस्य जोगिंद्र गुलेरिया, कृष्ण पाल शर्मा, नरोत्तम, एसडीएम सुरजीत सिंह, एसएमसी अध्यक्ष जीवन ठाकुर, निखिल ठाकुर, सीएससीए अध्यक्ष रीना ठाकुर, अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग राजीव शर्मा सहित महाविद्यालय का स्टाफ और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow