धार्मिक आस्था की मिसाल : हिमाचल के उद्योगपति ने बद्रीनाथ-केदारनाथ को दान किए 1.01 करोड़ रुपये 

हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले से एक सराहनीय खबर सामने आई है। यहां के एक उद्योगपति ने भगवान बद्रीनाथ और केदारनाथ धाम के लिए 1.01 करोड़ रुपये का दान देकर धार्मिक आस्था और समाज सेवा की मिसाल पेश की है। उद्योगपति द्वारा दिया गया दान बद्रीनाथ धाम में श्रद्धालुओं की सुविधाओं और मंदिर व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए उपयोग किया जाएगा

Apr 25, 2026 - 12:01
 0  4
धार्मिक आस्था की मिसाल : हिमाचल के उद्योगपति ने बद्रीनाथ-केदारनाथ को दान किए 1.01 करोड़ रुपये 
Paras School The Rose Orchid World School Admission Doon Valley Deeserve Media
Paras School The Rose Orchid World School Admission Doon Valley Deeserve Media

यंगवार्ता न्यूज़ - देहरादून  25-04-2026

हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले से एक सराहनीय खबर सामने आई है। यहां के एक उद्योगपति ने भगवान बद्रीनाथ और केदारनाथ धाम के लिए 1.01 करोड़ रुपये का दान देकर धार्मिक आस्था और समाज सेवा की मिसाल पेश की है। उद्योगपति द्वारा दिया गया दान बद्रीनाथ धाम में श्रद्धालुओं की सुविधाओं और मंदिर व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए उपयोग किया जाएगा। इसी तरह दान की राशि का एक हिस्सा केदारनाथ धाम में चल रहे विकास कार्यों और तीर्थयात्रियों की सुविधा बढ़ाने में लगाया जाएगा। बताया जा रहा है कि उद्योगपति लंबे समय से धार्मिक और सामाजिक कार्यों में सक्रिय हैं। 
उनका यह योगदान न सिर्फ आस्था का प्रतीक है , बल्कि समाज के अन्य सक्षम लोगों के लिए भी प्रेरणा बनकर उभरा है। जानकारी के मुताबिक ऊना जिला के बड़े उद्योगपति एवं समाजसेवी डॉ. महिंद्र शर्मा ने आस्था के प्रमुख केंद्रों बद्रीनाथ और केदारनाथ धाम के लिए बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति को एक करोड़ एक लाख रुपए का दान दिया है। यह राशि श्रद्धालुओं के लिए आधुनिक सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रदान की गई है। डॉ. शर्मा ने यह चेक केदारनाथ मंदिर परिसर में समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी को औपचारिक रूप से सौंपा। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सीमित यात्रा सीजन में देश-विदेश से आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं को बेहतर ठहरने, भोजन और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराना अत्यंत आवश्यक है। 
उन्होंने कहा कि इस दान का उद्देश्य सरकारी सुविधाओं को मजबूत करना और निजी महंगी सेवाओं पर निर्भरता कम करना बताया। डॉ. महिंद्र शर्मा, जो स्वयं भी मंदिर समिति के सदस्य हैं, इससे पहले वर्ष 2018 में लगभग तीन करोड़ की लागत से केदारनाथ मंदिर के गर्भगृह में चांदी का आवरण लगवा चुके हैं। इसके अतिरिक्त वर्ष 2023 में उन्होंने दान की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए मंदिर परिसर में एक अत्याधुनिक ग्लास हाउस भी दान किया, जो अत्यधिक ठंडे तापमान में भी टिकाऊ है। उनकी धार्मिक और सामाजिक सेवा यहीं तक सीमित नहीं है। उन्होंने माता वैष्णो देवी में भी कई महत्त्वपूर्ण योगदान दिए हैं, जिनमें अटूट लंगर सेवा (2024 से 2030 तक प्रत्येक गुरुवार) और दुर्गा भवन निर्माण के लिए एक करोड़ का दान शामिल है। इसके अलावा अपने पैतृक जिला ऊना में स्थित शक्तिपीठ मां चिंतपूर्णी मंदिर के गर्भगृह को चांदी से सजाने के लिए भी उन्होंने लगभग तीन करोड़ का योगदान दिया है। 
बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने इस दान के लिए डा. शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह कदम अन्य उद्योगपतियों को भी धार्मिक और सामाजिक कार्यों में आगे आने के लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस धनराशि का उपयोग श्रद्धालुओं की सुविधाओं को और बेहतर बनाने में किया जाएगा। 61 वर्षीय डॉ. महिंद्र शर्मा ऊना जिला के बढेड़ा राजपूतां गांव से संबंध रखते हैं और एएनएस कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक हैं। उनकी कंपनी रियल एस्टेट, इंफ्रास्ट्रक्चर और हॉस्पिटैलिटी क्षेत्रों में अग्रणी मानी जाती है। विज्ञान स्नातक, एमबीए और डॉक्टरेट डिग्रीधारी डा. शर्मा समाजसेवा की समृद्ध परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं। मंदिर समिति और स्थानीय प्रशासन ने उद्योगपति के इस योगदान की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया है।
  

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow