सोलन नगर निगम चुनाव: वार्ड नंबर 6 में भाजपा की नई चाल, अब युवाओं को नजरअंदाज करना मुश्किल
सोलन नगर निगम चुनावों में इस बार वार्ड नंबर 6 अचानक राजनीतिक चर्चा का सबसे बड़ा केंद्र बनकर उभरा है। 17 वार्डों वाले इस चुनाव में पहली बार किसी पार्षद सीट पर कवरिंग कैंडिडेट उतारे जाने से सियासी हलकों में हलचल तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी ने मुख्य प्रत्याशी रेखा साहनी के साथ रोहिणी सूद को कवरिंग कैंडिडेट बनाकर ऐसा संदेश दिया है, जिसकी पूरे शहर में चर्चा हो रही है।
सोलन 03 मई, 2026 :
सोलन नगर निगम चुनावों में इस बार वार्ड नंबर 6 अचानक राजनीतिक चर्चा का सबसे बड़ा केंद्र बनकर उभरा है। 17 वार्डों वाले इस चुनाव में पहली बार किसी पार्षद सीट पर कवरिंग कैंडिडेट उतारे जाने से सियासी हलकों में हलचल तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी ने मुख्य प्रत्याशी रेखा साहनी के साथ रोहिणी सूद को कवरिंग कैंडिडेट बनाकर ऐसा संदेश दिया है, जिसकी पूरे शहर में चर्चा हो रही है। शनिवार को रोहिणी सूद ने नामांकन दाखिल किया तो वार्ड नंबर 6 का चुनावी माहौल और गरमा गया।
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार भाजपा ने इस वार्ड में बेहद सुनियोजित रणनीति अपनाई है। रोहिणी सूद को आगे लाकर पार्टी ने साफ कर दिया है कि वार्ड नंबर 6 को लेकर कोई भी चूक नहीं की जाएगी। इसे संगठन की सतर्कता और चुनावी तैयारी का हिस्सा माना जा रहा है। भाजपा इस सीट को प्रतिष्ठा से जोड़कर देख रही है।
नगर निगम चुनावों में इस बार एक और बड़ा संदेश साफ दिखाई दे रहा है कि युवाओं को अब नजरअंदाज करना आसान नहीं रहा। नई पीढ़ी अब केवल दर्शक नहीं, बल्कि विचार, नेतृत्व और सक्रिय भागीदारी के रूप में सामने आ रही है। राजनीतिक दल भी समझ चुके हैं कि युवाओं की ऊर्जा और सोच चुनावी दिशा बदलने की ताकत रखती है।
नामांकन प्रक्रिया के दौरान रोहिणी सूद के साथ प्रदेश उपाध्यक्ष, चुनाव प्रभारी एवं प्रदेश महामंत्री संजीव कटवाल, जिला अध्यक्ष रतन पाल, शहरी मंडल अध्यक्ष शैलेंद्र गुप्ता, भाजपा प्रत्याशी राजेश कश्यप सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। नेताओं की मौजूदगी ने संकेत दिया कि पार्टी संगठन इस वार्ड में पूरी ताकत के साथ उतर चुका है।
नामांकन स्थल पर कार्यकर्ताओं का उत्साह भी चरम पर दिखा। समर्थकों ने नारेबाजी कर माहौल को पूरी तरह चुनावी रंग में रंग दिया। भाजपा पदाधिकारी इस दौरान जेन-जी तक पहुंच बनाने और उन्हें संगठन की सोच से जोड़ने के प्रयास में भी सक्रिय नजर आए। नई पीढ़ी को साथ लेकर चलने की रणनीति को पार्टी के भविष्य के रोडमैप से जोड़कर देखा जा रहा है।
रोहिणी सूद ने कहा कि आज की नई पीढ़ी समाज और राजनीति दोनों में सकारात्मक परिवर्तन ला सकती है। युवाओं की सोच, ऊर्जा और भागीदारी से विकास कार्यों को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि शीर्ष नेतृत्व का मार्गदर्शन और आश्वासन मिला है, जिससे युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। पार्टी नई पीढ़ी को साथ लेकर आगे बढ़ रही है।
वार्ड नंबर 6 अब सामान्य चुनावी सीट नहीं रहा, बल्कि रणनीति, संगठन और नए राजनीतिक संदेश का केंद्र बन चुका है। आने वाले दिनों में यहां मुकाबला और भी दिलचस्प होने के संकेत मिल रहे हैं।
What's Your Reaction?


