पंचायत चौकीदारों को दैनिक भोगी बनाए जाने पर पंचायत चौकीदार यूनियन ने अनिरुद्ध सिंह का किया धन्यवाद
हिमाचल प्रदेश में पंचायत चौकीदारों को दैनिक भोगी बनाए जाने के राज्य सरकार के निर्णय पर पंचायत चौकीदार यूनियन ने आज ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह से उनके कार्यालय में भेंट कर उन्हें सम्मानित किया तथा लंबे समय से लंबित मांग को पूरा करने के लिए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर यूनियन के प्रतिनिधियों ने पंचायती राज विभाग के सचिव का भी सम्मान कर उनका धन्यवाद किया।
यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि पंचायत चौकीदार वर्षों से अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे थे। राज्य सरकार द्वारा उनकी मांग को स्वीकार कर दैनिक भोगी का दर्जा प्रदान किया जाना उनके जीवन में एक महत्वपूर्ण और सकारात्मक बदलाव लेकर आएगा। उन्होंने इस निर्णय के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के प्रति भी आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश इंटक के उपाध्यक्ष पूर्ण चंद को भी सम्मानित किया गया।
ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि पंचायत चौकीदार ग्रामीण व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और वर्षों से अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन कर रहे हैं। राज्य सरकार ने उनकी लंबे समय से लंबित मांग को गंभीरता से लेते हुए उन्हें दैनिक भोगी बनाए जाने का निर्णय लिया है, जिससे उन्हें बेहतर कार्य परिस्थितियों के साथ सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा भी प्राप्त होगी।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में राज्य सरकार कर्मचारी हितों और समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। सरकार भविष्य में भी कर्मचारियों और श्रमिक वर्ग के न्यायोचित हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रहेगी।
What's Your Reaction?

