चम्बा, 8 मई, 2026 :
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मुकेश रेपसवाल ने बताया कि पंचायती राज चुनाव-2026 के सफल एवं सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से निर्वाचन ड्यूटी में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए पूर्वाभ्यास (रिहर्सल) कार्यक्रम 11 मई से 24 मई तक आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पीठासीन अधिकारियों एवं मतदान अधिकारियों के लिए प्रथम, द्वितीय तथा तृतीय पूर्वाभ्यास विभिन्न तिथियों में आयोजित किए जाएंगे।
प्रथम पूर्वाभ्यास विकास खंड भरमौर में 14 मई, भटियात में 11 मई, चम्बा मैहला और सलूणी में 13 मई, पांगी में 18 मई तथा तीसा में 14 मई को आयोजित किया जाएगा। द्वितीय पूर्वाभ्यास विकास खंड भरमौर, भटियात, चम्बा, मैहला एवं सलूणी में 18 मई को तथा तीसा में 21 मई को निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि सभी विकास खंडों में तृतीय पूर्वाभ्यास 24 मई को आयोजित किया जाएगा तथा इसी दिन संबंधित मतदान दल अपने-अपने गंतव्य के लिए प्रस्थान करेंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जारी कार्यक्रम के अनुसार संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्धारित तिथि एवं समय पर पूर्वाभ्यास में उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। पूर्वाभ्यास के दौरान निर्वाचन ड्यूटी में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मतदान प्रक्रिया, मतदान केंद्र प्रबंधन तथा निर्वाचन संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देशों की विस्तृत एवं व्यवहारिक जानकारी प्रदान की जाएगी ताकि चुनाव प्रक्रिया को निर्बाध, व्यवस्थित, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सके।