यंगवार्ता न्यूज़ - अर्की 20-07-2026
अर्की उपमंडल की ग्राम पंचायत मांगू की होनहार बेटी स्निग्धा पुरी ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा नीट ( यूजी )-2026 अपने प्रथम प्रयास में उत्तीर्ण कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। स्निग्धा , राकेश पुरी की पुत्री हैं। उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि से परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
स्निग्धा की सफलता को उनकी कड़ी मेहनत , अनुशासित तैयारी, लगन और दृढ़ संकल्प का परिणाम माना जा रहा है। प्रथम प्रयास में प्रतिष्ठित चिकित्सा प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण कर उन्होंने अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है। उनकी इस उपलब्धि पर क्षेत्र के गणमान्य लोगों, शिक्षकों, सामाजिक संगठनों तथा स्थानीय लोगों ने उन्हें हार्दिक बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।
लोगों ने कहा कि बेटियां आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं और समाज व राष्ट्र का गौरव बढ़ा रही हैं। स्निग्धा पुरी की सफलता पर पूरे क्षेत्र को गर्व है तथा उम्मीद जताई गई कि वह भविष्य में एक सफल चिकित्सक बनकर समाज की सेवा करेंगी।