पाकिस्तान के लिए जासूसी करता था कांगड़ा का युवक , मोबाइल से पुलिस को मिले संवेदनशील दस्तावेज

जिला के देहरा उपमंडल से पाकिस्तान के लिए जासूसी का मामला सामने आया है, जो अब राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी बड़ी चिंता का विषय बन गया है। उपमंडल देहरा स्थित सुकाहार गांव से गिरफ्तार किए गए 20 वर्षीय अभिषेक पर पाकिस्तान के लिए संवेदनशील सूचनाएं साझा करने के गंभीर आरोप हैं। पुलिस ने गुप्त सूचना और साइबर निगरानी के आधार पर कार्रवाई करते हुए युवक को उसके घर से गिरफ्तार किया और उसके कब्जे से मिला मोबाइल फोन कई अहम डिजिटल सबूतों से लैस पाया गया

May 29, 2025 - 18:16
 0  162
पाकिस्तान के लिए जासूसी करता था कांगड़ा का युवक , मोबाइल से पुलिस को मिले संवेदनशील दस्तावेज
Paras School The Rose Orchid World School Admission Doon Valley Deeserve Media
Paras School The Rose Orchid World School Admission Doon Valley Deeserve Media

 यंगवार्ता न्यूज़ - कांगड़ा  29-05-2025
जिला के देहरा उपमंडल से पाकिस्तान के लिए जासूसी का मामला सामने आया है, जो अब राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी बड़ी चिंता का विषय बन गया है। उपमंडल देहरा स्थित सुकाहार गांव से गिरफ्तार किए गए 20 वर्षीय अभिषेक पर पाकिस्तान के लिए संवेदनशील सूचनाएं साझा करने के गंभीर आरोप हैं। पुलिस ने गुप्त सूचना और साइबर निगरानी के आधार पर कार्रवाई करते हुए युवक को उसके घर से गिरफ्तार किया और उसके कब्जे से मिला मोबाइल फोन कई अहम डिजिटल सबूतों से लैस पाया गया। पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी कॉलेज ड्रॉपआउट है और लंबे समय से ऑनलाइन माध्यमों से सक्रिय था। उसके मोबाइल फोन से ऐसे आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद हुए हैं, जो सीधे तौर पर देश की सुरक्षा से जुड़े माने जा रहे हैं। 
ये दस्तावेज फोरेंसिक जांच में प्रमाणित भी हो चुके हैं और पुलिस अब इन्हें देहरा न्यायालय में पेश करेगी। एसपी देहरा मयंक चौधरी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आए तथ्य अत्यंत गंभीर हैं और यह आशंका है कि आरोपी किसी विदेशी खुफिया एजेंसी के संपर्क में था। युवक पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 152 के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस मामले ने एक बार फिर यह स्पष्ट कर दिया है कि बेरोजगार और तकनीकी रूप से सक्षम युवा, जिन्हें उचित दिशा और अवसर नहीं मिलते, विदेशी एजेंसियों के आसान निशाना बनते जा रहे हैं। पुलिस अब आरोपी के डिजिटल नेटवर्क, विदेशी संपर्क और सोशल मीडिया गतिविधियों की गहन जांच कर रही है। गांव और आसपास के क्षेत्र में इस गिरफ्तारी के बाद से दहशत का माहौल है। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अपने बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। 
पुलिस ने अभिषेक सिंह भारद्वाज पुत्र राजेंद्र सिंह को कोर्ट में पेश किया , जहां से उसे 5 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि अभिषेक ने 11 जून 2024 को अपने फेसबुक अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें दो पिस्टल, तीन AK-47 राइफलें और गोलियों की कतारें दिखाई दे रही हैं। गोलियों को इस तरह सजाया गया था कि उन पर ‘अभिषेक भारद्वाज’ लिखा नजर आ रहा है। इस वीडियो को गंभीरता से लेते हुए पुलिस और खुफिया एजेंसियां कई पहलुओं से जांच में जुटी हैं। पुलिस ने युवक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 152 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है। एसपी देहरा मयंक चौधरी ने बताया कि आरोपी के मोबाइल से मिली जानकारी को गंभीरता से लिया गया है और तकनीकी विश्लेषण में यह पुष्टि हुई है कि वह देश विरोधी गतिविधियों में संलिप्त था। 
मामले की गंभीरता को देखते हुए केंद्रीय जांच एजेंसियों को भी सूचना दे दी गई है और उनसे सहयोग मांगा गया है। गांव में इस गिरफ्तारी के बाद हलचल मच गई है। लोगों को यकीन नहीं हो रहा कि उनका जानने-पहचानने वाला युवक ऐसी गतिविधियों में शामिल हो सकता है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। एसपी देहरा मयंक चौधरी ने साफ शब्दों में कहा है कि राज्य की शांति को भंग करने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow