प्रदेश पुलिस सेवा के पांच अधिकारियों को भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) में मिली पदोन्नति  

Feb 25, 2026 - 13:20
 0  23
प्रदेश पुलिस सेवा के पांच अधिकारियों को भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) में मिली पदोन्नति  

यंगवाता न्यूज़ - शिमला    25-02-2026

हिमाचल प्रदेश पुलिस सेवा (HPS) के पांच अधिकारियों को भारतीय पुलिस सेवा में पदोन्नत कर दिया गया है। भारत सरकार के गृह मंत्रालय ने इस संबंध में अधिसूचना जारी की है, जो तत्काल प्रभाव से लागू मानी जाएगी। इस फैसले के बाद प्रदेश पुलिस महकमे में इन अधिकारियों को अब आईपीएस कैडर में शामिल किया जाएगा।

चयन सूची 2023 से चार अधिकारियों को पदोन्नति मिली है। इनमें वीरेंद्र कालिया (जन्म 6 जनवरी 1974), भूपिंदर सिंह (जन्म 22 अगस्त 1970), नरेश कुमार (जन्म 6 जुलाई 1972) और विनोद कुमार (जन्म 25 अगस्त 1973) शामिल हैं। वहीं चयन सूची 2024 से शमशेर सिंह (जन्म 22 जून 1972) को आईपीएस में पदोन्नत किया गया है।

जारी अधिसूचना के मुताबिक यह पदोन्नति भारतीय पुलिस सेवा (भर्ती) नियम, 1954 और भारतीय पुलिस सेवा (नियुक्ति द्वारा पदोन्नति) विनियम, 1955 के तहत की गई है। चयन सूची वर्ष 2023 और 2024 में शामिल अधिकारियों को आईपीएस में नियुक्त किया गया है और सभी को हिमाचल प्रदेश कैडर आवंटित किया गया है।

सभी पदोन्नत अधिकारियों को भारतीय पुलिस सेवा (प्रोबेशन) नियम, 1954 के तहत एक वर्ष की परिवीक्षा अवधि पर रखा जाएगा। इस दौरान उन्हें निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार इंडक्शन प्रशिक्षण भी पूरा करना होगा। प्रशिक्षण और परिवीक्षा अवधि सफलतापूर्वक पूरी करने के बाद ही उनकी नियुक्ति नियमित रूप से मानी जाएगी।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow