बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ धार्मिक और सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ना आवश्यक  : अग्निहोत्री

बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ धार्मिक और सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ना भी अत्यंत आवश्यक है, ताकि विद्यार्थी अपनी संस्कृति, परंपराओं और विरासत से परिचित हो सकें

Mar 14, 2026 - 16:33
 0  2
बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ धार्मिक और सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ना आवश्यक  : अग्निहोत्री
Paras School The Rose Orchid World School Admission Doon Valley Deeserve Media
Paras School The Rose Orchid World School Admission Doon Valley Deeserve Media

यंगवार्ता न्यूज़   - ऊना    14-03-2026

बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ धार्मिक और सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ना भी अत्यंत आवश्यक है, ताकि विद्यार्थी अपनी संस्कृति, परंपराओं और विरासत से परिचित हो सकें। यह बात उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री राजकीय डिग्री कॉलेज हरोली के पांचवे वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह की अध्यक्षता करते हुए कही। 

इस दौरान उन्होंने कॉलेज के मेधावी विद्यार्थियों को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उप मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थी अपने जीवन में लक्ष्य निर्धारित करें और उस लक्ष्य पर फोकस करके निरंतर कड़ी मेहनत करें। विद्यार्थी  जीवन में अनुशासन, समय का सही उपयोग और लगातार प्रयास करके ही जीवन में निर्धारित लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। 

इसके साथ ही उन्होंने शिक्षकों से आग्रह किया कि विद्यार्थियों को समय-समय पर मंदिरों तथा अन्य ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों का शैक्षणिक भ्रमण करवाया जाए ताकि उन्हें अपनी सांस्कृतिक जड़ों को समझने का अवसर मिल सके।

उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार क्षेत्र के समग्र विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि हम सभी मिलकर आने वाली पीढ़ी के लिए हरोली विधानसभा क्षेत्र को एक विकसित, शिक्षित और समृद्ध क्षेत्र के रूप में आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास कर रहे हैं और भविष्य में भी विकास की गति को और तेज किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में हरोली हल्के के विद्यार्थियों ने हरोली में स्थापित शैक्षणिक संस्थानों से शिक्षा प्राप्त करके नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं और राष्ट्रीय स्तर पर क्षेत्र का नाम रोशन किया है, जो पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने बताया कि बढ़ेडा से नर्सिंग की पढ़ाई पूरी करने वाली कई बेटियाँ देश के प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थानों में अपनी सेवाएँ दे रही हैं। वहीं, कानून की पढ़ाई करने वाले युवा आज न्यायाधीश और अधिवक्ता बनकर हरोली का नाम गौरवान्वित कर रहे हैं।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि ये सभी उपलब्धियाँ इस बात का प्रमाण हैं कि हरोली में शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक सकारात्मक परिवर्तन हुए हैं, जो क्षेत्र के उज्ज्वल भविष्य की ओर संकेत करते हैं और पूरे क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण हैं।

इसके अतिरिक्त उप मुख्यमंत्री ने कहा कि हरोली विधानसभा क्षेत्र में लगभग एक हज़ार करोड़ रुपये की विभिन्न पेयजल योजनाओं पर कार्य प्रगति पर है। इन योजनाओं के पूर्ण होने से क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाएगा तथा लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

उप मुख्यमंत्री ने बताया कि हरोली विधानसभा क्षेत्र में लोगों की सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से विभिन्न प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए जा रहे हैं। इसके तहत पूरे क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों का व्यापक नेटवर्क तैयार किया जा रहा है, ताकि किसी भी प्रकार की घटना होने की स्थिति में संबंधित अपराधियों की शीघ्र पहचान कर कानूनी करवाई अमल में लाई जा सके। 

उन्होंने कहा कि सीसीटीवी कैमरे स्थापित होने से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत मिलेगी। उप मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत किए गए रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए विद्यार्थियों को प्रोत्साहन स्वरूप 51 हज़ार रुपये देने की घोषणा की। इसके साथ ही, हरोली कॉलेज में लाइब्रेरी के लिए 12 लाख रुपये प्रदान करने की घोषणा भी की, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन संसाधन उपलब्ध हो सकें और उनकी शैक्षणिक प्रगति को और अधिक बल मिल सके।


इस मौके पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रणजीत राणा और अशोक ठाकुर, एसडीएम हरोली विशाल शर्मा, प्रिंसिपल प्रो. राजिन्दर कुमार, हरोली इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के चेयरमैन राकेश कौशल, संदीप अग्निहोत्री, हरोली की पूर्व प्रधान रमन कुमारी सहित अन्य उपस्थित रहे। 

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow