बागवानी क्षेत्र को सुदृढ़ करने के लिए प्रदेश सरकार प्रतिबद्ध : जगत सिंह नेगी
देश सरकार बागवानी क्षेत्र को सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध है, जिसके मद्देनजर किसानों बागवानों के लिए अधोसंरचना सुदृढ़ीकरण, प्रशिक्षण कार्यक्रमों तथा विपणन सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। यह उद्गार राजस्व , बागवानी, जनजातीय विकास एवं लोक शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने जिला सिरमौर के चार दिवसीय प्रवास कार्यक्रम के दौरान आज पच्छाद विधानसभा क्षेत्र के राजगढ़ में कहे। उन्होंने पीसीडीओ व फल विधायन केंद्र राजगढ़ का निरीक्षण किया तथा स्थानीय बागवानों व किसानों की समस्याएं भी जानी
यंगवार्ता न्यूज़ - नाहन 28-02-2026
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के बागवानों को प्रमाणित एवं रोग मुक्त पौधे समय पर उपलब्ध करवाए जाएं। उन्होंने कहा कि गुणवत्तायुक्त पौध सामग्री ही बागवानी क्षेत्र की सफलता की आधारशिला है। बागवानी मंत्री ने अंबेडकर भवन राजगढ़ में किसानों के साथ संवाद किया। इस दौरान किसानों एवं बाग़वानों ने नकदी फसलों की बीमारियों के बारे तथा सुरक्षा से संबंधित मुद्दे उठाए। मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों बागवानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को किसानों के लिए नियमित प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने के निर्देश भी दिए, ताकि नई तकनीकों की जानकारी जमीनी स्तर तक पहुंच सके। इस कार्यक्रम के दौरान पूर्व विधायक गंगू राम मुसाफिर तथा कांग्रेस नेत्री दयाल प्यारी ने भी क्षेत्र से संबंधित समस्याएं बागवानी मंत्री के समक्ष रखी तथा उनके निराकरण का आग्रह किया। इस अवसर पर एसडीएम राज कुमार, डीएसपी विद्या चंद नेगी, उपनिदेशक बाग़वानी डॉ. संतोष बक्शी, विषय विशेषज्ञ राजगढ़ डॉ. विनोद ढोल्टा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा क्षेत्र के अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
What's Your Reaction?



