बिलासपुर में कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर बलोह टोल प्लाजा के समीप,कार से 949 ग्राम चरस बरामद
प्रदेश में नशे की तस्करी के मामले लगातार सामने आ रहे है। वहीं नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस थाना घुमारवीं की टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर स्थित बलोह टोल प्लाजा के समीप एक कार से 949 ग्राम चरस बरामद
यंगवार्ता न्यूज़ - बिलासपुर 25-02-2026
प्रदेश में नशे की तस्करी के मामले लगातार सामने आ रहे है। वहीं नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस थाना घुमारवीं की टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर स्थित बलोह टोल प्लाजा के समीप एक कार से 949 ग्राम चरस बरामद की है। पुलिस ने मौके पर हरियाणा के दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार मंगलवार रात घुमारवीं थाना पुलिस की टीम ने टोल प्लाजा के पास विशेष नाकाबंदी कर रखी थी और फोरलेन से गुजरने वाले वाहनों की नियमित जांच की जा रही थी। इसी दौरान मंडी की ओर से आ रही एक कार को संदेह के आधार पर रुकवाया गया।
प्रारंभिक पूछताछ में संतोषजनक जवाब न मिलने पर पुलिस ने वाहन की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार के डैशबोर्ड से 949 ग्राम चरस बरामद हुई। बरामदगी के बाद पुलिस ने कार में सवार दोनों युवकों को मौके पर ही हिरासत में ले लिया।
आरोपियों की पहचान विकास (29) पुत्र चांद सिंह और सोमबीर (27) पुत्र रामफल, निवासी गांव अलादादरपुर, थाना गुहाना, जिला सोनीपत, हरियाणा के रूप में हुई है। घुमारवीं पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार पर सख्ती से अंकुश लगाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे और तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। एसपी संदीप धवल ने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
What's Your Reaction?



