बड़ा हादसा टला : तकनीकी खराबी के चलते अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नाली में जा फंसी निजी बस
राजधानी शिमला से ठियोग जा रही एक निजी बस वीरवार को छराबड़ा के पास तकनीकी खराबी आने के कारण अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नाली में जा फंसी। गनीमत यह रही कि इस घटना में किसी भी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं
यंगवार्ता न्यूज़ - शिमला 05-03-2026
राजधानी शिमला से ठियोग जा रही एक निजी बस वीरवार को छराबड़ा के पास तकनीकी खराबी आने के कारण अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नाली में जा फंसी। गनीमत यह रही कि इस घटना में किसी भी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है।
जानकारी के अनुसार ‘न्यू प्रेम बस सर्विस’ की यह बस सुबह शिमला से ठियोग की ओर रवाना हुई थी। जब बस छराबड़ा क्षेत्र के समीप पहुंची तो अचानक उसमें तकनीकी खराबी आ गई। बताया जा रहा है कि खराबी के कारण चालक बस पर पूरा नियंत्रण नहीं रख सका और बस सड़क से हल्का सा उतरकर किनारे बनी नाली में टेढ़ी होकर रुक गई।
बस में उस समय करीब 25 यात्री सवार थे। घटना के बाद कुछ समय के लिए यात्रियों में हल्की घबराहट जरूर देखी गई, लेकिन स्थिति जल्द ही सामान्य हो गई। स्थानीय लोगों और अन्य वाहन चालकों ने तुरंत मदद के लिए हाथ बढ़ाया। सभी यात्रियों को सुरक्षित बस से बाहर निकाला गया।
प्रारंभिक जांच में इसे तकनीकी खराबी का मामला बताया जा रहा है। बस को बाद में सुरक्षित तरीके से हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई ताकि मार्ग पर यातायात सामान्य रखा जा सके। फिलहाल सभी यात्री सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की पुष्टि नहीं हुई है।
What's Your Reaction?



