नाहन की जनता को दिखावे की राजनीति नहीं, परिणाम चाहिए: भावन शर्मा ने विधायक से मांगा जवाब

नाहन मेडिकल कॉलेज की व्यवस्थाओं को लेकर भाजपा युवा नेता  भावन शर्मा ने विधायक पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता को केवल निरीक्षण और प्रचार नहीं, बल्कि समस्याओं का वास्तविक समाधान चाहिए

Jun 9, 2026 - 19:25
 0  33
नाहन की जनता को दिखावे की राजनीति नहीं, परिणाम चाहिए: भावन शर्मा ने विधायक से मांगा जवाब

यंगवार्ता न्यूज नाहन 9 जून,2026 :

नाहन मेडिकल कॉलेज की व्यवस्थाओं को लेकर भाजपा युवा नेता  भावन शर्मा ने विधायक पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता को केवल निरीक्षण और प्रचार नहीं, बल्कि समस्याओं का वास्तविक समाधान चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि कुछ दिन पहले विधायक के मेडिकल कॉलेज दौरे का व्यापक प्रचार हुआ, लेकिन उसके बाद आखिर क्या बदलाव आया।

भावन शर्मा ने कहा कि दौरे के दौरान अव्यवस्थाओं पर चिंता व्यक्त की गई, तस्वीरें और वीडियो भी सोशल मीडिया पर साझा किए गए, लेकिन आज जनता यह जानना चाहती है कि उस निरीक्षण के बाद क्या मेडिकल कॉलेज में रिक्त पड़े डॉक्टरों और कर्मचारियों के पद भरे गए? क्या आवश्यक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध कराए गए? क्या उन विभागों की स्थापना हुई, जिनकी कमी के कारण मरीजों को चंडीगढ़, शिमला और अन्य शहरों का रुख करना पड़ता है? साथ ही उन्होंने पूछा कि क्या मरीजों को मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं में कोई ठोस सुधार हुआ है।

उन्होंने कहा कि यदि इन सवालों का जवाब ‘नहीं’ है, तो फिर उस दौरे का उद्देश्य क्या था। क्या वह केवल कैमरों के सामने चिंता जताने और सुर्खियां बटोरने तक सीमित था या वास्तव में जनता की समस्याओं के समाधान के लिए कोई प्रभावी प्रयास भी किए गए।

भावन शर्मा ने मांग की कि विधायक जनता के सामने स्पष्ट करें कि उन्होंने नाहन मेडिकल कॉलेज की समस्याओं को लेकर स्वास्थ्य विभाग, स्वास्थ्य मंत्री और मुख्यमंत्री के समक्ष कौन-कौन सी मांगें रखीं, उन पर क्या कार्रवाई हुई और अब तक कितनी समस्याओं का समाधान हुआ।

उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि का दायित्व केवल निरीक्षण करना नहीं, बल्कि समस्याओं के समाधान तक लगातार संघर्ष करना होता है। नाहन की जनता को तस्वीरें और बयान नहीं, बल्कि पर्याप्त डॉक्टर, आधुनिक चिकित्सा उपकरण, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और गुणवत्तापूर्ण उपचार चाहिए।

अंत में उन्होंने कहा कि यदि मेडिकल कॉलेज की समस्याएं आज भी जस की तस हैं, तो जनता यह जानना चाहती है कि विधायक की आवाज सरकार के गलियारों तक क्यों नहीं पहुंच पाई। जनता को केवल आश्वासन नहीं, बल्कि परिणाम चाहिए।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow