मंडी में सड़क सुरक्षा जागरूकता रैली को विधानसभा अध्यक्ष ने दिखाई हरी झंडी
अंतरराष्ट्रीय महाशिवरात्रि महोत्सव-2026 के अवसर पर सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग द्वारा जिला प्रशासन मंडी के सहयोग से सड़क सुरक्षा (रोड सेफ्टी) जागरूकता रैली का आयोजन
सड़क सुरक्षा के सभी नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व : कुलदीप सिंह पठानिया
यंगवार्ता न्यूज़ - मंडी 20-02-2026
अंतरराष्ट्रीय महाशिवरात्रि महोत्सव-2026 के अवसर पर सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग द्वारा जिला प्रशासन मंडी के सहयोग से सड़क सुरक्षा (रोड सेफ्टी) जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने सेरी मंच से रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली सेरी मंच से प्रारंभ होकर मंगवाई, चक्कर और नेरचौक होते हुए डडौर में संपन्न हुई। रैली में 50 बाइक और 25 कारों ने भाग लिया। सभी वाहन चालक निर्धारित गति और पूर्ण सुरक्षा मानकों के साथ वाहन चलाते हुए नजर आए।
रैली को हरी झंडी दिखाने के उपरांत विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि वाहन चलाते समय सड़क सुरक्षा के सभी नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने जिला प्रशासन और परिवहन विभाग को इस सार्थक पहल के लिए बधाई दी।
कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि प्रदेश में सड़क सुरक्षा को लेकर लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों और कानूनों का अक्षरशः पालन करें, नशे की हालत में वाहन न चलाएं, तेज गति से परहेज करें, वाहन की नियमित जांच और रखरखाव सुनिश्चित करें।
फोरलेन मार्गों पर अपनी लेन में चलें, सीट बेल्ट और हेलमेट का अनिवार्य उपयोग करें, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें, रात्रि में लो बीम का उपयोग करें तथा नींद, थकान या तनाव की स्थिति में वाहन न चलाएं।
What's Your Reaction?



