यंगवार्ता न्यूज शिमला 30 जून, 2026 :
हिमाचल प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून ने दस्तक दे दी है। राज्य के कुछ हिस्सों में मानसून आगे बढ़ गया है। मंगलवार को मानसून ने पूरे किन्नौर जिले, कुल्लू और लाहौल-स्पीति के ज्यादातर हिस्सों, शिमला और मंडी के कई हिस्सों और सिरमौर और कांगड़ा जिलों के कुछ हिस्सों को कवर कर लिया है। माैसम विभाग के अनुसार अगले 2-3 दिनों के दौरान हिमाचल के बाकी हिस्सों में मानसून के और आगे बढ़ने के लिए हालात अनुकूल हैं। बीते साल मानसून 20 जून को पहुंचा था लेकिन इस बार करीब 10 दिन की देरी से दस्तक दी है। पूरे राज्य में मानसून के पहुंचने की सामान्य तारीख 25 जून मानी जाती है। इस बार मानसून में सामान्य से कम बारिश का पूर्वानुमान है।
शिमला के बालूगंज क्षेत्र में मंगलवार को भारी बारिश के कारण नाले का मलबा सड़क पर आ गया। इसके चलते शिमला से वाया चक्कर होते हुए वाहनों की आवाजाही मंगलवार शाम काफी देर के लिए ठप रही। वाहनों को वाया बालूगंज होते हुए रवाना किया गया। मंगलवार शाम करीब 4:00 बजे अचानक बालूगंज क्षेत्र में तेज बारिश होने से नालों का पानी सड़क पर आ गया। नाले में भरा मलबा भी ओल्ड बैरियर क्रॉसिंग के पास सड़क पर पहुंच गया जिससे यातायात बंद हो गया। हालांकि, शहर के बाकी इलाकों में बारिश नहीं हुई। सूचना मिलते ही लोक निर्माण विभाग की टीमें मौके पर पहुंची और मलबा हटाने का काम शुरू किया। देर शाम तक सड़क को बहाल कर दिया गया है।