यंगवार्ता न्यूज शिमला 5 जुलाई, 2026 :
हिमाचल प्रदेश सरकार ने इस वर्ष राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में 100 पदक जीतने का लक्ष्य तय किया है। इसके साथ ही 150 पीएम श्री विद्यालयों में म्यूजिक टीचरों की नियुक्ति, चौपाल और शिलाई में नए स्पोर्ट्स हॉस्टल, खिलाड़ियों की आर्थिक सहायता बढ़ाने और वर्ष 2027 तक 10 हजार शिक्षकों एवं प्राध्यापकों की भर्ती सहित कई अहम घोषणाएं की गई हैं।
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने शनिवार को पोर्टमोर स्कूल में आयोजित राज्य स्तरीय सम्मान समारोह में यह जानकारी दी। प्रदेश में 11 स्पोर्ट्स हॉस्टल संचालित हैं। चौपाल और शिलाई में नए हॉस्टल जल्द शुरू किए जाएंगे। खेल विभाग में 14 कोचों की भर्ती प्रक्रिया जारी है। स्पोर्ट्स हॉस्टलों में कुराश, ठोडो और कराटे जैसे नए खेलों को शामिल किया जा रहा है।
निदेशक स्कूल शिक्षा आशीष कोहली ने कहा कि वर्ष 2030 के कॉमनवेल्थ खेलों और ओलंपिक को ध्यान में रखकर खिलाड़ियों को तैयार किया जा रहा है। प्रदेश के 11 स्पोर्ट्स हॉस्टलों में 456 खिलाड़ी प्रशिक्षण ले रहे हैं। हॉस्टलों के लिए 15 लाख रुपये जारी किए गए हैं। खिलाड़ियों के बैंक खातों में पुरस्कार राशि सीधे हस्तांतरित की गई है।