राज्यसभा में गूंजा हिमाचल के पर्यटन का मुद्दा, सांसद हर्ष महाजन ने बताई प्रदेश की अपार संभावनाएं

भाजपा के राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन ने राज्यसभा में हिमाचल प्रदेश के पर्यटन क्षेत्र की अपार संभावनाओं और उससे जुड़ी चुनौतियों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश भारत के सबसे महत्वपूर्ण पर्यटन स्थलों में से एक है और यह प्रदेश की अर्थव्यवस्था तथा लाखों लोगों की आजीविका का प्रमुख आधार

Mar 11, 2026 - 15:13
 0  5
राज्यसभा में गूंजा हिमाचल के पर्यटन का मुद्दा, सांसद हर्ष महाजन ने बताई प्रदेश की अपार संभावनाएं
Paras School The Rose Orchid World School Admission Doon Valley Deeserve Media
Paras School The Rose Orchid World School Admission Doon Valley Deeserve Media

पर्यटन विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण जरूरी, सतत और जिम्मेदार पर्यटन मॉडल की वकालत

यंगवार्ता न्यूज़  - शिमला     11-03-2026

भाजपा के राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन ने राज्यसभा में हिमाचल प्रदेश के पर्यटन क्षेत्र की अपार संभावनाओं और उससे जुड़ी चुनौतियों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश भारत के सबसे महत्वपूर्ण पर्यटन स्थलों में से एक है और यह प्रदेश की अर्थव्यवस्था तथा लाखों लोगों की आजीविका का प्रमुख आधार है।

उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष हिमाचल प्रदेश में लगभग 1.8 करोड़ घरेलू पर्यटक और करीब 80 हजार विदेशी पर्यटक आए, जो प्रदेश की लोकप्रियता और पर्यटन क्षमता को दर्शाता है। पर्यटन क्षेत्र प्रदेश के सकल घरेलू उत्पाद (GDP) में महत्वपूर्ण योगदान देता है और लाखों लोगों के रोजगार से जुड़ा हुआ है।

सांसद हर्ष महाजन ने बताया कि हिमाचल प्रदेश को पिछले तीन वर्षों से भारत के सबसे स्वागतयोग्य क्षेत्रों में स्थान मिला है और यह Booking.com Travelers Review Awards में विश्व के शीर्ष 10 क्षेत्रों में भी शामिल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में धार्मिक पर्यटन की भी अपार संभावनाएं हैं। ज्वालाजी, चिंतपूर्णी, नैना देवी और चामुंडा जैसे शक्तिपीठ, साथ ही किन्नौर कैलाश यात्रा और चंबा के लक्ष्मी मंदिर श्रद्धालुओं के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।

उन्होंने कहा कि धर्मशाला, जहां परम पावन दलाई लामा निवास करते हैं, तथा लाहौल-स्पीति और लद्दाख क्षेत्र के प्राचीन बौद्ध मठ हिमाचल को वैश्विक स्तर पर बौद्ध पर्यटन का केंद्र बनाते हैं। हर्ष महाजन ने यह भी कहा कि हिमाचल प्रदेश एडवेंचर पर्यटन के क्षेत्र में भी विश्वस्तरीय पहचान रखता है। बीर-बिलिंग में पैराग्लाइडिंग, स्पीति और किन्नौर में ट्रैकिंग तथा सोलंग घाटी में स्कीइंग जैसे गतिविधियां पर्यटकों को विशेष रूप से आकर्षित करती हैं।

उन्होंने इस अवसर पर प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी और भारत सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार द्वारा स्वदेश दर्शन, प्रसाद योजना और कनेक्टिविटी के सुदृढ़ीकरण जैसे कदमों से पर्यटन क्षेत्र को नई गति मिली है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय बजट में घोषित नए पर्यटन मार्गों और ट्रैक के विकास से हिमाचल प्रदेश को और अधिक लाभ होगा।

सांसद महाजन ने पर्यटकों से भी अपील करते हुए कहा कि हिमालय केवल पर्यटन का स्थल नहीं बल्कि एक संवेदनशील प्राकृतिक धरोहर है। इसलिए पर्यटकों को प्लास्टिक प्रदूषण, जंगलों को नुकसान पहुंचाने और अव्यवस्था फैलाने से बचना चाहिए तथा स्थानीय संस्कृति, पर्यावरण और समुदायों का सम्मान करना चाहिए।

उन्होंने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि पर्यावरण संरक्षण और आधारभूत संरचना के विकास को साथ लेकर जिम्मेदार और सतत पर्यटन मॉडल को आगे बढ़ाया जाए, ताकि हिमाचल प्रदेश की यह देवभूमि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी सुरक्षित और समृद्ध बनी रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow