यंगवार्ता न्यूज़ - पांवटा साहिब, 06 जून, 2026 :
इन दिनों पांवटा साहिब में बाहरी राज्यों के रेडी पड़ी लगाने वालों की भरमार हो गई है आलम यह है कि बाहरी राज्यों के यह रेडी फड़ी वाले बिना पंजीकरण के ही व्यापारिक गतिविधियां कर रहे हैं। इसको लेकर आज फल , सब्जी , चाय , टिक्की रेडी मलिक यूनियन पांवटा साहिब का एक प्रतिनिधिमंडल यूनियन के अध्यक्ष सीताराम शर्मा की अध्यक्षता में एसडीएम पांवटा साहिब से मिला। इस दौरान उन्होंने एसडीएम को एक ज्ञापन सौंपा।
एसडीएम को दिए ज्ञापन में यूनियन का कहना है कि न केवल पांवटा साहिब , बल्कि जिला के अन्य हिस्सों में भी फल , सब्जी , गन्ने का रस और रेडी लगाने वालों की बाढ़ आ गई है। यही नहीं इन दिनों पांवटा साहिब और आसपास के क्षेत्र में बाहरी राज्यों के लोग फल एवं सब्जियां का धंधा कर रहे हैं , लेकिन उन लोगों की ना तो कोई पुलिस वेरिफिकेशन है और ना ही वह लोग कही पंजीकृत है। शहर के फल , सब्जी , चाय , टिक्की , गन्ना रस और रेहड़ी मालिक यूनियन ने एसडीएम को दिए ज्ञापन में यूनियन के अध्यक्ष सीताराम शर्मा ने कहा कि बाहरी राज्यों के यहां रेहड़ी फड़ी वाले कई मर्तबा ग्राहकों के साथ अभद्र व्यवहार करते हैं और कई बार तो लड़ाई झगड़े पर उतर आते हैं , जिससे स्थानीय सब्जी एवं फल विक्रेता भी बदनाम हो जाते हैं।
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि बाहरी राज्यों के लोग जिन्होंने पांवटा साहिब और आसपास के क्षेत्र में रेहडिया लगा रखी है। उनका सत्यापन किया जाए और उन्हें बाहर का रास्ता दिखाया जाए। उन्होंने कहा कि जिला सिरमौर में युवा बेरोजगार घूम रहे हैं , लेकिन बाहरी राज्यों के फल सब्जी विक्रेता यहां आकर चांदी कूट रहे हैं। उन्होंने मांग की है कि जितने भी बाहरी राज्यों के लोगों ने बिना अनुमति के पांवटा साहिब और आसपास के क्षेत्र में रेहड़ियां लगा रखी है। उनका सत्यापन किया जाए और उनको पांवटा साहिब से बाहर कर स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाया जाए। उन्होंने यह भी आग्रह किया कि जिन रेहड़ी वालों के पास कोई भी पंजीकरण नहीं है उन्हें बाहर किया जाए। उन्होंने मांग की है कि केवल मात्र उन्हीं लोगों को रेहड़ी - फड़ी लगाने की अनुमति दी जाए जो हिमाचल का स्थाई निवासी है। इस अवसर पर यूनियन के सदस्य नाथूराम , सुनील शर्मा , सुरेश पाल , रतीराम महिपाल और सतीश आदि उपस्थित रहे।