लीडरशिप बूटकैम्प का दूसरा दिन: युवाओं ने नेतृत्व, करियर मार्गदर्शन एवं वित्तीय साक्षरता का प्राप्त किया प्रशिक्षण

मेरा युवा भारत, जिला सिरमौर द्वारा आयोजित तीन दिवसीय आवासीय लीडरशिप बूटकैम्प का दूसरा दिन ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक सत्रों के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए 35 युवा प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ विभिन्न प्रशिक्षण एवं गतिविधियों में भाग लिया।

Aug 1, 2026 - 17:35
 0  2
लीडरशिप बूटकैम्प का दूसरा दिन: युवाओं ने नेतृत्व, करियर मार्गदर्शन एवं वित्तीय साक्षरता का प्राप्त किया प्रशिक्षण

यंगवार्ता न्यूज - नाहन, 1 अगस्त:

मेरा युवा भारत, जिला सिरमौर द्वारा आयोजित तीन दिवसीय आवासीय लीडरशिप बूटकैम्प का दूसरा दिन ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक सत्रों के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए 35 युवा प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ विभिन्न प्रशिक्षण एवं गतिविधियों में भाग लिया।


कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि युवा आइकॉन श्री शिवम द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर उन्होंने युवा संसद (Youth Parliament) की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए युवाओं को लोकतांत्रिक मूल्यों, प्रभावी नेतृत्व, संवाद कौशल एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं और उनके विचार एवं नेतृत्व क्षमता विकसित करना समय की आवश्यकता है।


कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि प्रो. विनोद ने करियर रेडीनेस एवं करियर गाइडेंस विषय पर व्याख्यान देते हुए प्रतिभागियों को रोजगार, उच्च शिक्षा, कौशल विकास, व्यक्तित्व निर्माण तथा भविष्य की संभावनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने युवाओं को अपने लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास एवं सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।


इसके उपरांत विशिष्ट अतिथि सुश्री सुखप्रीत कौर, सहायक प्रबंधक, यूको बैंक, ने बैंकिंग जागरूकता एवं वित्तीय साक्षरता विषय पर संवादात्मक सत्र आयोजित किया। उन्होंने प्रतिभागियों को खाता खोलने की प्रक्रिया, केवाईसी (KYC), डिजिटल बैंकिंग, साइबर एवं बैंकिंग फ्रॉड से बचाव तथा सुरक्षित वित्तीय लेन-देन के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि सतर्कता एवं सही जानकारी ही ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने का सबसे प्रभावी उपाय है।


दिनभर आयोजित प्रशिक्षण सत्रों में प्रतिभागियों ने नेतृत्व क्षमता, प्रभावी संचार, टीम निर्माण एवं व्यक्तित्व विकास से संबंधित गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाई। समूह चर्चा एवं टीम-बिल्डिंग अभ्यासों के माध्यम से युवाओं ने सहयोग, अनुशासन, निर्णय क्षमता तथा नेतृत्व के व्यावहारिक पहलुओं को समझा।


जिला युवा अधिकारी, मेरा युवा भारत, जिला सिरमौर, अमृषा शर्मा ने प्रतिभागियों को लीडरशिप बूटकैम्प की रूपरेखा, उद्देश्य एवं आगामी प्रशिक्षण सत्रों की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम युवाओं में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं राष्ट्र निर्माण की भावना को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने युवाओं से प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त ज्ञान एवं अनुभव को अपने-अपने क्षेत्रों में समाज एवं राष्ट्र निर्माण के कार्यों में उपयोग करने का आह्वान किया।


कार्यालय सहायक रीता देवी ने कार्यक्रम का सफल संचालन एवं समन्वय करते हुए प्रतिभागियों को बूटकैम्प से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश, दैनिक गतिविधियों एवं आगामी सत्रों की जानकारी प्रदान की तथा सभी प्रतिभागियों से प्रशिक्षण के प्रत्येक सत्र में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का आग्रह किया।


युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत आयोजित यह तीन दिवसीय आवासीय लीडरशिप बूटकैम्प युवाओं में नेतृत्व क्षमता, व्यक्तित्व विकास, लोकतांत्रिक मूल्यों, वित्तीय साक्षरता तथा सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow