लोकतांत्रिक व्यवस्था को तार तार कर रही कांग्रेस, भाजपा अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल का बड़ा आरोप

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा है कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस द्वारा लोकतांत्रिक व्यवस्था को तार तार करते हुए चुनाव प्रक्रिया के बीच नियमावली में बदलाव किया जा रहा है। डॉ राजीव बिंदल जिला मुख्यालय नाहन में आज पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

Jun 4, 2026 - 18:10
 0  2
लोकतांत्रिक व्यवस्था को तार तार कर रही कांग्रेस, भाजपा अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल का बड़ा आरोप

यंगवार्ता न्यूज़ - नाहन 04 जून, 2026 : 

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा है कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस द्वारा लोकतांत्रिक व्यवस्था को तार तार करते हुए चुनाव प्रक्रिया के बीच नियमावली में बदलाव किया जा रहा है। डॉ राजीव बिंदल जिला मुख्यालय नाहन में आज पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। राजीव बिंदल ने कहा कि नगर निकाय और नगर चुनाव के जीते हुए प्रतिनिधियों को अपने साथ मिलाने के लिए सरकार द्वारा गैर कानूनी तरीके से काम किया जा रहा है , जिसमें मुख्यमंत्री सहित मंत्रिमंडल के लोग शामिल है। उन्होंने आरोप लगाया  कि चुनाव प्रक्रिया के बीच नगर परिषद के अध्यक्ष उपाध्यक्ष चुनने के लिए पूरी नियमावली में बदलाव किया गया जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। 

डॉ राजीव बिंदल ने दावा किया कि हिमाचल प्रदेश में 12 जिलों में से 9 जिलों में भारतीय जनता पार्टी समर्थित जिला परिषद बनने जा रही है। उन्होंने कहा कि इन सभी जिलों में पार्टी समर्थित उम्मीदवारों को स्पष्ट तौर पर बहुमत मिला है। राजीव बिंदल ने कहा कि मुख्यमंत्री के गृह क्षेत्र हमीरपुर में जिला परिषद की 19 सीटों में से कांग्रेस मात्र एक सीट जीत पाई है जबकि इसकी विपरीत भाजपा ने यहां 15 सीटों पर जीत दर्ज की है। उन्होंने कहा कि पंचायती राज चुनाव में जनता ने पूरी तरह कांग्रेस को नकार दिया है और पूरे प्रदेश में कांग्रेस सरकार के खिलाफ एक लहर चल रही है।  

बिंदल ने कहा कि साढ़े तीन साल तक प्रदेश की जनता ने कांग्रेस सरकार के झूठ, फरेब और भ्रष्टाचार को झेला है और अब वोट के जरिए जवाब दिया है।नगर निगम चुनावों में भाजपा ने चार में से तीन नगर निगमों में दो-तिहाई बहुमत के साथ शानदार विजय प्राप्त की, वहीं जिला परिषदों में भी भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने व्यापक जनसमर्थन हासिल कर अपना दबदबा स्थापित किया है। उन्होंने प्रदेश की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह विजय भाजपा की नहीं बल्कि जनविश्वास, जन आक्रोश और जनादेश की विजय है। जनता ने विकास, सुशासन और जवाबदेही के पक्ष में मतदान किया है तथा कांग्रेस सरकार की विफलताओं को नकार दिया है। डॉ. बिंदल ने सिरमौर जिला का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि जिला परिषद चुनावों में भाजपा ने 17 में से 13 सीटों पर जीत दर्ज कर इतिहास रच दिया है। यह पहली बार है जब सिरमौर जिला परिषद में भाजपा को इतनी बड़ी सफलता मिली है। कांग्रेस केवल तीन सीटों तक सिमट गई जबकि एक सीट निर्दलीय उम्मीदवार के खाते में गई। उन्होंने कहा कि सिरमौर की जनता ने स्पष्ट संदेश दिया है कि वह वर्तमान सरकार के कामकाज से संतुष्ट नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और मंत्रियों के प्रभाव क्षेत्रों में भाजपा की बड़ी जीत इस बात का प्रमाण है कि जनता अब कांग्रेस की राजनीति को स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं है। जिन क्षेत्रों को कांग्रेस अपना मजबूत गढ़ मानती थी, वहां भी जनता ने भाजपा को भारी समर्थन देकर सत्ता के अहंकार को जवाब दिया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में प्रदेश में भ्रष्टाचार बढ़ा है, कानून व्यवस्था कमजोर हुई है और विकास कार्य ठप पड़े हैं। अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी है, स्वास्थ्य सुविधाएं प्रभावित हैं, पशु चिकित्सालयों में पर्याप्त स्टाफ नहीं है, शिक्षा व्यवस्था संकट में है और अनेक संस्थानों पर ताले लगाने की नौबत आ गई है। जनता इन सब परिस्थितियों को देख रही है और उसका असर चुनाव परिणामों में स्पष्ट रूप से दिखाई दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार जनता से किए गए अपने वादों और गारंटियों को पूरा करने में पूरी तरह विफल रही है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow