उद्योगों से लोकल टैक्सियों को प्राथमिकता देने की अपील, निजी वाहनों के व्यावसायिक उपयोग पर कार्रवाई की मांग
बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ (बीबीएन) क्षेत्र में बाहरी राज्यों की टैक्सियों के बढ़ते संचालन को लेकर स्थानीय टैक्सी ऑपरेटरों ने कड़ा विरोध जताया है। टैक्सी यूनियन के पदाधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि स्थानीय लोगों के रोजगार पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
यंगवार्ता न्यूज बद्दी 14 जुलाई, 2026 :
बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ (बीबीएन) क्षेत्र में बाहरी राज्यों की टैक्सियों के बढ़ते संचालन को लेकर स्थानीय टैक्सी ऑपरेटरों ने कड़ा विरोध जताया है। टैक्सी यूनियन के पदाधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि स्थानीय लोगों के रोजगार पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष मनदीप चौधरी ने कहा कि बीबीएन क्षेत्र में बाहरी राज्यों की टैक्सियां नियमों की अनदेखी करते हुए व्यावसायिक गतिविधियां संचालित कर रही हैं, जिससे स्थानीय टैक्सी चालकों का रोजगार प्रभावित हो रहा है। उन्होंने प्रशासन से ऐसे वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। ओर औद्योगिक इकाइयों से आग्रह किया कि वे कर्मचारियों और अधिकारियों के आवागमन के लिए बाहरी राज्यों की टैक्सियों के बजाय स्थानीय टैक्सी ऑपरेटरों को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
बैठक के दौरान टैक्सी ऑपरेटरों ने निजी (प्राइवेट) वाहनों के व्यावसायिक उपयोग पर भी चिंता जताई। उनका कहना था कि कई निजी वाहन अवैध रूप से टैक्सी के रूप में संचालित किए जा रहे हैं, जिससे नियमों का पालन करने वाले टैक्सी संचालकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने ऐसे वाहनों के खिलाफ नियमित जांच अभियान चलाने की मांग की।
टैक्सी यूनियन ने निर्णय लिया कि उद्योग संगठनों के साथ बैठक कर उन्हें स्थानीय टैक्सी सेवाओं को प्राथमिकता देने के लिए प्रेरित किया जाएगा। साथ ही प्रशासन और परिवहन विभाग से भी मांग की जाएगी कि बाहरी राज्यों की अवैध टैक्सियों एवं निजी वाहनों के व्यावसायिक उपयोग पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कदम नहीं उठाए गए तो आगे की रणनीति बनाकर आंदोलन किया जाएगा।
What's Your Reaction?


