विधानसभा बजट सत्र : सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले विपक्ष ने अवैध वन कटान पर किया धरना प्रदर्शन
हिमाचल प्रदेश विधानसभा बजट सत्र के दूसरे दिन भी सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले विपक्ष ने अवैध वन कटान पर धरना प्रदर्शन किया
यंगवार्ता न्यूज़ - शिमला 19-030-2026
हिमाचल प्रदेश विधानसभा बजट सत्र के दूसरे दिन भी सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले विपक्ष ने अवैध वन कटान पर धरना प्रदर्शन किया। बीजेपी विधायकों ने हाथों में तख्तियां लेकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन और वन व खनन माफिया को संरक्षण देने के आरोप लगाए।
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि सिरमौर जिले के शिलाई क्षेत्र में केवल 25 पेड़ काटने की अनुमति दी गई थी, लेकिन मौके पर 300 से ज्यादा पेड़ों को काटकर जमींदोज कर दिया गया। निजी भूमि पर इतनी बड़ी संख्या में पेड़ काटने की अनुमति कैसे दी गई।
इस पूरे मामले में एक कांग्रेस नेता की भूमिका सामने आ रही है, जिससे सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में भी कांग्रेस नेता ने अवैध रूप से सैकड़ों पेड़ काटे और जब भाजपा विधायकों की कमेटी ने क्षेत्र का दौरा किया तो पेड़ों को ढांक से सतलुज नदी में फेंक दिया गया।
जबकि कुछ पेड़ों को जेसीबी से जमीन खोद कर दफना दिया गया। विपक्ष ने इसे पर्यावरण और कानून व्यवस्था दोनों के लिए गंभीर खतरा बताया है।
What's Your Reaction?




