शादी का झांसा देकर लंबे समय तक बनाए शारीरिक संबंध, फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी पर मामला दर्ज

बिलासपुर गोबिंद सागर झील की दूसरी ओर बसे क्षेत्र के एक गांव की निवासी महिला ने उसी क्षेत्र के एक व्यक्ति पर शादी का झांसा देकर लंबे समय तक शारीरिक संबंध बनाने, गर्भपात करवाने व विवाह करने का झांसा देकर बाद में मुकर जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस के पास शिकायत दर्ज करवाई है

Jun 23, 2026 - 12:48
 0  6
शादी का झांसा देकर लंबे समय तक बनाए शारीरिक संबंध, फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी पर मामला दर्ज
यंगवार्ता न्यूज बिलासपुर 23 जून, 2026 :

बिलासपुर गोबिंद सागर झील की दूसरी ओर बसे क्षेत्र के एक गांव की निवासी महिला ने उसी क्षेत्र के एक व्यक्ति पर शादी का झांसा देकर लंबे समय तक शारीरिक संबंध बनाने, गर्भपात करवाने व विवाह करने का झांसा देकर बाद में मुकर जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस के पास शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस को दी शिकायत में महिला ने बताया कि अपने पति व ससुराल वालों से कुछ अनबन हो जाने के कारण वह कुछ वर्षों से अलग रह रही है। इसी दौरान उक्त व्यक्ति से उसकी जान-पहचान हुई। उक्त व्यक्ति ने महिला को बताया कि उसकी भी अपनी पत्नी से नहीं बनती है।

उक्त व्यक्ति ने तलाक लेने के बाद उससे विवाह कर लेने का भरोसा दिलाया व उसका विश्वास जीतकर उसके साथ अनेक बार शारीरिक संबंध बनाए। महिला ने पुलिस को बताया कि इस दौरान वह गर्भवती भी हो गई, जिस पर उक्त व्यक्ति ने उसे गर्भपात की दवा खिलाई तथा यह बात किसी को बताने पर जान से मार देने व उसके आपत्तिजनक वीडियो व फोटो भी वायरल कर देने की धमकियां देता रहा। पीड़ित महिला ने पुलिस को बताया कि उसे पता चला कि उस व्यक्ति के अन्य किसी के साथ भी शारीरिक संबंध हैं। इसके बाद उक्त व्यक्ति ने उसे मारना-पीटना शुरू कर दिया व शारीरिक तथा मानसिक शोषण भी करता रहा, साथ ही विवाह करने से अब साफ इंकार कर दिया।

महिला ने पुलिस को बताया कि उक्त व्यक्ति ने उसके ससुराल पक्ष को भी उसके फोटो/वीडियो आदि दिखा दिए हैं, जिससे जहां उसकी मानहानि हुई है, वहीं वह बेहद मानसिक तनाव में आ चुकी है। महिला के अनुसार गत 21 जून को वह इन्हीं बातों पर उस व्यक्ति को पूछने उसके घर गई तो उसने उसके साथ मारपीट भी की। महिला ने शिकायत में यह भी आरोप लगाया कि उक्त व्यक्ति जातिवाद करके भी उसे प्रताड़ित कर रहा है।

साथ ही पीड़िता ने एक और अन्य महिला व पूर्व पंचायत प्रतिनिधि पर भी आरोपी व्यक्ति का साथ देने व उसे धमकाने की बात पुलिस के पास कही है। शिकायत में महिला ने यह भी कहा है कि भविष्य में यदि उसके साथ कुछ बुरा या अनहोनी होती है तो उसके लिए उपरोक्त तीनों ही जिम्मेदार होंगे। एसपी बिलासपुर संदीप धवल ने बताया कि महिला की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 64, 69 व 351(2) के तहत केस दर्ज कर लिया गया है व पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow