शराब ठेके के सेल्समैन पर तानी पिस्तौल...चाकू से किया हमला, ₹1.85 लाख लूटकर फरार हुए बदमाश
कांगड़ा जिले के पुलिस थाना नगरोटा बगवां के तहत आते पटियालकड़ में शराब के ठेके पर तैनात एक सेल्समैन पर जानलेवा हमला कर अज्ञात लुटेरे गल्ले (कैश बॉक्स) सहित करीब 1 लाख 85 हजार रुपए की नकदी ले उड़े। इस घटना में बदमाशों ने पिस्तौल और चाकू का इस्तेमाल किया, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है।
यंगवार्ता न्यूज कांगड़ा 29 जून, 2026 :
जानकारी के अनुसार ठारू निवासी अभिषेक चौधरी पुत्र विपिन कुमार शनिवार को पटियालकड़ स्थित शराब के ठेके पर बतौर सेल्समैन काम कर रहा था। रात करीब 10 बजे 3 युवक ठेके पर आए। उन्होंने 2 बीयर की बोतलें खरीदीं और साथ लगती एक दुकान में बैठकर पी। इसके बाद वे पास ही चल रहे पटियालकड़ मेले में चले गए। रात करीब 11 बजे वे तीनों युवक अपने 2 अन्य साथियों को लेकर दोबारा ठेके पर पहुंचे। आरोप है कि इस दौरान किसी बात को लेकर उनकी सेल्समैन अभिषेक के साथ तीखी बहस हो गई। मामला इतना बढ़ गया कि एक बदमाश ने दहशत फैलाने के लिए पिस्तौल निकाल ली और अभिषेक पर तान दी। इसी बीच दूसरे युवक ने अभिषेक पर चाकू से हमला कर उसे बुरी तरह घायल कर दिया। वारदात के सबूत मिटाने के इरादे से बदमाशों ने ठेके में लगा सीसीटीवी कैमरा भी तोड़ दिया।
हमले के बाद बदमाश ठेके में रखा गल्ला (कैश बॉक्स) उठाकर मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि गल्ले में दिनभर की बिक्री की करीब 1 लाख 85 हजार रुपए की नकदी मौजूद थी। घायल सेल्समैन अभिषेक ने पुलिस थाना नगरोटा बगवां में मामले की शिकायत दर्ज करवाई। शिकायतकर्ता ने आशंका जताई है कि ये हमलावर हिमाचल के नहीं, बल्कि बाहरी राज्यों के हो सकते हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी है। डीएसपी कांगड़ा मनोज धीमान ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
What's Your Reaction?




