शिक्षा मंत्री ने 87 लाख से बनने वाले हरिजन बस्ती धार शरघाल संपर्क मार्ग का किया भूमि पूजन
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर आज अपने एक दिवसीय दौरे पर कोटखाई में मौजूद थे जहाँ पर उन्होंने पराली बदरूनी पंचायत के अंतर्गत बहुप्रतीक्षित हरिजन बस्ती धार शरघाल संपर्क मार्ग का भूमि पूजन किया। लगभग 1500 मीटर लम्बे इस संपर्क मार्ग के निर्माण में 87 लाख रुपयों का व्यय होना है
रोहित ठाकुर ने इस अवसर पर मां देवी नंदन मंदिर प्रबंधन समिति खनेटी के सभी आयोजन कर्ताओं को रिहाली मेले सहित वॉलीबॉल टूर्नामेंट व सांस्कृतिक कार्यक्रम के सफल आयोजन की बधाइयाँ दी और वॉलीबॉल टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए खिलाड़ियों को सम्मानित किया। साथ ही, उन्होंने बताया कि इस प्रकार के खेल आयोजन युवाओं के लिए एक आवश्यक प्रक्रिया है। जहाँ खेलों से मनोरंजन तो होता ही है वहीं युवाओं के स्वास्थ्य में भी वृद्धि होती है और वह नशे जैसी बुराई से बचे रहते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार खेलों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रयास कर रही है और इसी कड़ी में उनके विधानसभा क्षेत्र के महत्वपूर्ण खेल संस्थान ठाकुर रामलाल खेल छात्रावास में वॉलीबाल और कब्बडी सहित आठ खेलों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यहाँ की छात्राएं देश-विदेश में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुकी है। रोहित ठाकुर ने हाई मास्ट लाइट हेतू 4 लाख रूपये और मेला कमेटी व स्थानीय क्लब को 50 हज़ार रूपये देने की घोषणा भी की।
शिक्षा मंत्री ने बताया कि पूरे विधानसभा क्षेत्र में इस समय लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत विभिन्न निर्माण कार्यों पर लगभग 550 करोड़ रूपये व्यय किये जा रहें हैं ताकि हर एक गाँव को सड़क सुविधा से जोड़ा जा सके। इसके साथ 40 लाख रूपये की लागत से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय देवरी खनेटी के भवन का निर्माण कार्य प्रगति पर है।
उन्होंने बताया कि पूरे विधानसभा क्षेत्र में 10 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के भवनो का निर्माण किया जा रहा है, जिसमें 1 करोड़ 82 लाख रूपये की लागत से निर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देवरी खनेटी भी शामिल है, जिसे जनता को समर्पित कर दिया गया है। साथ ही कोटखाई में केंद्रीय विद्यालय की स्वीकृति प्राप्त हुई जो शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि है। इसके अतिरिक्त, क्षेत्र के लिए सब-जज कोर्ट, वेटरनरी अस्पताल, आदर्श स्वास्थ्य संस्थान सहित 182 सड़कें भी स्वीकृति हुई हैं।
What's Your Reaction?



