यंगवार्ता न्यूज़ - हरिपुरधार 20-02-2026
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भाटगढ़ के प्री-वोकेशनल वर्ग (कक्षा 6वीं से 8वीं) के 57 विद्यार्थियों ने श्री रेणुका जी का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस शैक्षिक यात्रा का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रकृति , पर्यावरण एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति जागरूक करना था। विद्यार्थियों ने रेणुका झील की परिक्रमा कर उसके ऐतिहासिक , धार्मिक एवं प्राकृतिक महत्व के बारे में जानकारी प्राप्त की।
झील के आसपास के शांत एवं स्वच्छ वातावरण ने सभी को प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने वहां पाए जाने वाले विभिन्न जीव - जंतुओं और वनस्पतियों के बारे में भी ज्ञान अर्जित किया। पर्यावरण संरक्षण की भावना को सशक्त करते हुए विद्यार्थियों ने परिक्रमा पथ पर बिखरे प्लास्टिक एवं कचरे को एकत्रित कर डस्टबिन में डाला और स्वच्छता का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।
इसके पश्चात पुलिस थाना ददाहू के सब-इंस्पेक्टर गोविंद सिंह एवं उनकी टीम ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों , साइबर फ्रॉड से बचाव तथा नशे के दुष्प्रभावों के विषय में महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। इस शैक्षणिक भ्रमण में विद्यार्थियों के मार्गदर्शन एवं देखरेख हेतु रणदीप शर्मा , रजनीश बाबू ( टीजीटी नॉन मेडिकल ) , किरणा शर्मा ( टीजीटी संस्कृत ) तथा लैब असिस्टेंट मुल्तान सिंह उपस्थित रहे। यह भ्रमण विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक सिद्ध हुआ।