जिला स्तरीय नशा मुक्त युवा कार्यक्रम में राजकीय संस्कृत महाविद्यालय सोलन के छात्रों का दबदबा

युवा एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के सौजन्य से 'मेरा युवा भारत' (MY Bharat) जिला सोलन द्वारा राजकीय महाविद्यालय सोलन में 27 जुलाई 2026, सोमवार को जिला स्तरीय 'नशा मुक्त युवा कार्यक्रम' का शानदार आयोजन किया गया। इस गरिमामयी प्रतियोगिता में जिला उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा जी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत कर युवाओं को राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता स्थानीय महाविद्यालय की प्राचार्या ने की।

Jul 28, 2026 - 18:24
 0  1
जिला स्तरीय नशा मुक्त युवा कार्यक्रम में राजकीय संस्कृत महाविद्यालय सोलन के छात्रों का दबदबा

यंगवार्ता न्यूज - सोलन 28 जुलाई, 2026 : 


युवा एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के सौजन्य से 'मेरा युवा भारत' (MY Bharat) जिला सोलन द्वारा राजकीय महाविद्यालय सोलन में 27 जुलाई 2026, सोमवार को जिला स्तरीय 'नशा मुक्त युवा कार्यक्रम' का शानदार आयोजन किया गया। इस गरिमामयी प्रतियोगिता में जिला उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत कर युवाओं को राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता स्थानीय महाविद्यालय की प्राचार्या ने की। 

इस जिला स्तरीय स्पर्धा में राजकीय संस्कृत महाविद्यालय सोलन के 7 प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए कॉलेज का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता के तहत कविता पाठ में संस्कृत महाविद्यालय के छात्रों ने एकतरफा जीत हासिल की, जिसमें शास्त्री तृतीय वर्ष के छात्र अंकित शर्मा ने प्रथम, सुमित कुमार ने द्वितीय और सिद्धांत सुमन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, वाद-विवाद एवं भाषण प्रतियोगिता में भी शास्त्री तृतीय वर्ष के दीक्षित शर्मा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिला सोलन में पहला स्थान झटका, जबकि प्राक् शास्त्री प्रथम वर्ष के वंश भारद्वाज चौथे और शास्त्री प्रथम वर्ष की शिवानी सातवें स्थान पर रहीं। इसके अतिरिक्त, नारा लेखन (Slogan Writing) प्रतियोगिता में प्राक् शास्त्री प्रथम वर्ष के छात्र दिव्यम् शर्मा ने जिला स्तर पर दूसरा स्थान हासिल कर अपनी रचनात्मकता का परिचय दिया।

 जिला स्तर पर अपनी-अपनी स्पर्धाओं में प्रथम रहने वाले होनहार छात्र दीक्षित शर्मा (वाद-विवाद) और अंकित शर्मा (कविता पाठ) का चयन अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है, जहां वे जिला सोलन का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस ऐतिहासिक और शानदार उपलब्धि पर राजकीय संस्कृत महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ रमेश शर्मा ने सभी विजेता व चयनित छात्रों को अपनी हार्दिक बधाई और आशीर्वाद दिया। इसके साथ ही प्राचार्य जी ने छात्रों के इस बेहतरीन प्रदर्शन के पीछे कुशल मार्गदर्शक की भूमिका निभाने वाले राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) कार्यक्रम अधिकारी आचार्य सुरेश शर्मा भारद्वाज को भी विशेष रूप से बधाई दी और कहा कि भारत सरकार के इस अभियान के तहत युवाओं की यह भागीदारी समाज को नशा मुक्ति का एक मजबूत व सकारात्मक संदेश देगी।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow