यंगवार्ता न्यूज़ - नाहन 06-03-2026
जिला मुख्यालय नाहन के साथ लगते कोटडी गांव के लिए जुड्डा के जौहड़ से लिंक रोड बनकर तैयार हो गया है। विधायक अजय सोलंकी की मौजूदगी में एचआरटीसी की बस को गांव तक पहुंचा कर सड़क का ट्रायल लिया गया। जिसका मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू आठ मार्च को नाहन दौरे के दौरान विधिवत्त उद्घाटन करेंगे। इस मौके पर विधायक अजय सोलंकी ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि कोटडी गांव के लोगों की पिछले लंबे समय से सड़क की मांग चली आ रही थी।
गांव को रोड कनेक्टिविटी से जोड़ने के मकसद से पिछले कुछ समय से इस सड़क का निर्माण कार्य चल हुआ था जो अब पूरा हो चुका है। उन्होंने बताया कि इस सड़क के निर्माण पर पहले चरण में 2 करोड़ 57 लाख रुपए की राशि खर्च की गई है और जल्द ही दूसरे चरण के कार्य को भी आरंभ किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 8 मार्च को मुख्यमंत्री अपने नाहन दौरे के दौरान इस सड़क का उद्घाटन करेंगे। लंबे समय से मुख्यालय के पास होने के बावजूद सड़क कनेक्टिविटी से वंचित रहे इस गांव के लिए यह सड़क बड़ी सौगात मानी जा रही है।
उन्होंने क्षेत्र वासियों को सड़क सुविधा मिलने पर शुभकामनाएं दी। विधायक अजय सोलंकी ने कहा कि 8 मार्च को राज्य स्तरीय महिला दिवस जिला मुख्यालय नाहन में मनाया जा रहा है जिसमें प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। नाहन दौरे के दौरान क्षेत्र को करोड़ों रुपए की विकास परियोजनाओं की सौगात मिलेगी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा कांसीवाला , जाबलबाग और बनोग सड़क का भी शिलान्यास किया जाएगा, जिस पर करीब 12.5 करोड़ रुपए की राशि खर्च की जाएगी।