सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले ही विपक्ष ने जोरदार नारेबाजी कर सरकार के खिलाफ किया विरोध
हिमाचल प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के दूसरे चरण की शुरुआत पहले ही दिन तीखे राजनीतिक माहौल के बीच हुई। सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले ही विपक्ष ने जोरदार नारेबाजी कर सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया
यंगवार्ता न्यूज़ - शिमला 18-03-2026
हिमाचल प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के दूसरे चरण की शुरुआत पहले ही दिन तीखे राजनीतिक माहौल के बीच हुई। सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले ही विपक्ष ने जोरदार नारेबाजी कर सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।
इस दौरान नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के नेतृत्व में विपक्ष ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के खिलाफ विशेषाधिकार हनन (प्रिविलेज मोशन) का नोटिस विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया को सौंपा। विपक्ष का आरोप है कि मुख्यमंत्री सुक्खू पिछले तीन वर्षों से सदन के भीतर और बाहर बार-बार झूठे बयान दे रहे हैं, जो न केवल सदन की गरिमा के खिलाफ है बल्कि संवैधानिक पद की मर्यादा का भी उल्लंघन है।
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री का पद एक अत्यंत जिम्मेदार और संवेदनशील संवैधानिक पद होता है, ऐसे में इस पद पर बैठे व्यक्ति से सत्य और पारदर्शिता की अपेक्षा की जाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री द्वारा बार-बार गलत जानकारी देना लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है।
जयराम ठाकुर ने यह भी दावा किया कि विपक्ष के पास अपने आरोपों को सिद्ध करने के लिए पर्याप्त तथ्य और प्रमाण मौजूद हैं, जिन्हें आवश्यकता पड़ने पर सदन के पटल पर रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि इसी आधार पर विपक्ष ने विधानसभा के नियम 75 के तहत विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया है और अध्यक्ष से इस पर उचित कार्रवाई की मांग की है।
What's Your Reaction?



