जीत का जश्न मना रही भीड़ पर सांड ने किया हमला, मची भगदड़, 7 लोग घायल
मंडी जिले में जोगिंद्रनगर में नगर परिषद चुनाव के नतीजों के बाद चल रहा विजय उत्सव जश्न में उस समय अफरा-तफरी में बदल गया, जब एक आवारा सांड अचानक भीड़ में घुस गया। इस हमले में सात लोग घायल हो गए। वहीं, इस घटना का वीडियो भी सामने आया है।
मंडी 18 मई, 2026 :
जानकारी के अनुसार, नगर परिषद चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद भाजपा समर्थक जोगिंद्रनगर में जीत का जश्न मना रहे थे। पुलिस थाना के पास रैली निकाली जा रही थी। इसी दौरान राजकीय बाल पाठशाला जोगिंद्रनगर के मुख्य गेट के समीप अचानक एक आवारा सांड भीड़ को देखकर उग्र हो गया। सांड ने आपा खोते हुए सीधे लोगों पर हमला कर दिया और मतगणना केंद्र की ओर दौड़ पड़ा, जिससे मौके पर भगदड़ जैसे हालात बन गए। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इस दौरान कई लोग गिर भी पड़े।
सांड के हमले में स्थानीय निवासी राज समेत सात लोग घायल हुए हैं। हालांकि सभी को मामूली चोटें आई हैं। इस अचानक हुए हमले से मौके पर मौजूद समर्थकों, पुलिसकर्मियों और चुनाव ड्यूटी से लौट रहे कर्मचारियों में भगदड़ मच गई। वहीं, घटना के बाद कुछ देर तक क्षेत्र में दहशत का माहौल बना रहा।
What's Your Reaction?



