जुन्गा में खुलेगी ज्ञानवर्धक पुस्तकों से सुसज्जित लाइब्रेरी- भूपेन्द्र नेगी

पुलिस प्रथम सशस्त्र वाहिनी जुन्गा परिसर में शीघ्र ही आधुनिक सुविधाओं  से सुसज्जित लाइब्रेरी स्थापित की जाएगी, जिसमें विभिन्न विषयों की ज्ञानवर्धक पुस्तकों के साथ-साथ डिजिटल अध्ययन संसाधन भी उपलब्ध होंगे। इस पहल का उद्देश्य क्षेत्र के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध करवाना है ।

Jul 31, 2026 - 17:28
 0  3
जुन्गा में खुलेगी ज्ञानवर्धक पुस्तकों से सुसज्जित लाइब्रेरी- भूपेन्द्र नेगी

यंगवार्ता न्यूज - शिमला, 31 जुलाई, 2026 : 


  पुलिस प्रथम सशस्त्र वाहिनी जुन्गा परिसर में शीघ्र ही आधुनिक सुविधाओं  से सुसज्जित लाइब्रेरी स्थापित की जाएगी, जिसमें विभिन्न विषयों की ज्ञानवर्धक पुस्तकों के साथ-साथ डिजिटल अध्ययन संसाधन भी उपलब्ध होंगे। इस पहल का उद्देश्य क्षेत्र के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध करवाना है ।


पुलिस प्रथम सशस्त्र वाहिनी जुन्गा के समादेशक भूपेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि लाइब्रेरी की स्थापना के लिए बटालियन के एक पुराने भवन का नवीनीकरण कार्य प्रगति पर है और शीघ्र ही इसका शुभारंभ किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में लाइब्रेरी में 12 कंप्यूटर स्थापित किए जाएंगे, जिससे युवाओं को पुस्तकों के अतिरिक्त  डिजिटल अध्ययन सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

  समादेशक ने बताया कि जुन्गा क्षेत्र की 12 पंचायतों के हजारों युवाओं को इस सुविधा का सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र से अपेक्षाकृत कम युवा देश और प्रदेश के विभिन्न उच्च पदों के लिए आयोजित प्रतियोगी परीक्षाओं में भाग लेते हैं, जबकि यहां प्रतिभाशाली युवाओं की कोई कमी नहीं है। उचित मार्गदर्शन और अध्ययन संसाधनों के अभाव में कई युवा अपने सपनों को साकार नहीं कर पाते।


उन्होंने बताया कि वर्तमान में जुन्गा तहसील में युवाओं के लिए सार्वजनिक लाइब्रेरी की कोई सुविधा उपलब्ध नहीं है। ऐसे में यह पहल विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए मील का पत्थर साबित होगी। डिजिटल लाइब्रेरी के माध्यम से युवाओं को ऑनलाइन अध्ययन सामग्री, ई-बुक्स तथा विभिन्न शैक्षणिक पोर्टलों तक पहुंच उपलब्ध कराने की भी योजना है।


उन्होंने कहा कि लाइब्रेरी में संघ लोक सेवा आयोग , हिमाचल प्रशासनिक सेवा, बैंकिंग, एसएससी, पुलिस, सेना तथा अन्य सरकारी नौकरियों की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से संबंधित पुस्तकों का समृद्ध संग्रह उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय समाचार पत्र, मासिक पत्रिकाएं, रोजगार संबंधी मैगजीन तथा डिजिटल अध्ययन सामग्री भी युवाओं को निःशुल्क उपलब्ध होगी।


क्षेत्र के लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा है कि लाइब्रेरी की स्थापना से ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को अध्ययन के लिए शहरों का रुख करने की आवश्यकता कम होगी और उन्हें अपने क्षेत्र में ही गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक सुविधाएं प्राप्त होंगी।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow