हिमाचल प्रदेश सरकार ने रोड एक्सपीडिशन पर्यटन नीति तैयार करने की प्रक्रिया शुरू
हिमाचल प्रदेश सरकार ने रोड एक्सपीडिशन पर्यटन नीति तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह नीति बनने से जहां सरकार को आय का एक नया स्रोत मिलेगा, वहीं देश-विदेश से हिमाचल आने वाले पर्यटकों को नई सुविधाएं उपलब्ध होंगी
यंगवार्ता न्यूज़ - शिमला 01-03-2026
हिमाचल प्रदेश सरकार ने रोड एक्सपीडिशन पर्यटन नीति तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह नीति बनने से जहां सरकार को आय का एक नया स्रोत मिलेगा, वहीं देश-विदेश से हिमाचल आने वाले पर्यटकों को नई सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
साहसिक ड्राइविंग गतिविधियां नियमों के अनुसार और सुरक्षित तरीके से संचालित होंगी। नई नीति के तहत फोर वाई फोर ड्राइव, मोटरसाइकिल एक्सपीडिशन, हाई-एल्टीट्यूड रूट्स और कारवां पर्यटन को प्रोत्साहित किया जाएगा। ऑनलाइन परमिट प्रणाली शुरू की जाएगी, जिससे पारदर्शिता बढ़ेगी और पर्यटकों को पहले से अनुमति प्राप्त करने की सुविधा मिलेगी।
साथ ही वाहन फिटनेस, अनिवार्य बीमा, सुरक्षा मानक और आपातकालीन सहायता तंत्र भी लागू किए जाएंगे। इस नीति से सरकार को परमिट शुल्क, पंजीकरण, आयोजन फीस और पर्यटन गतिविधियों से जुड़े करों के माध्यम से सीधी आय होगी। इसके अतिरिक्त होटल, होमस्टे, रेस्टोरेंट, ईंधन, स्थानीय परिवहन और गाइड सेवाओं की मांग बढ़ने से प्रदेश पर्यटन कारोबारियों को भी लाभ होगा।
ऑफ-सीजन में भी एडवेंचर ड्राइव प्रेमियों के आने से सालभर पर्यटन गतिविधियां जारी रहेंगी। बाहरी राज्यों से आने वाले एडवेंचर ड्राइव प्रेमियों को सुरक्षित और निर्धारित रूट, डिजिटल परमिट, स्पष्ट दिशा-निर्देश और आपातकालीन सहायता जैसी सुविधाएं मिलेंगी। इससे उनका यात्रा अनुभव अधिक व्यवस्थित और भरोसेमंद होगा।
प्रदेश के पर्यटन कारोबारियों विशेषकर होमस्टे संचालकों, स्थानीय युवाओं, रेंट पर वाहन उपलब्ध करवाने वालों और मैकेनिकों को रोजगार और आय के नए अवसर मिलेंगे। यह नीति हिमाचल को राष्ट्रीय स्तर पर एडवेंचर टूरिज्म हब के रूप में स्थापित करेगी।
What's Your Reaction?



