हिमाचल में कांग्रेस सरकार के संरक्षण में फल-फूल रहा गुंडा राज : त्रिलोक कपूर

भाजपा प्रदेश वरिष्ठ प्रवक्ता त्रिलोक कपूर ने नालागढ़ में दिनदहाड़े हुई फायरिंग की घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी

Mar 18, 2026 - 12:53
 0  4
हिमाचल में कांग्रेस सरकार के संरक्षण में फल-फूल रहा गुंडा राज : त्रिलोक कपूर
Paras School The Rose Orchid World School Admission Doon Valley Deeserve Media
Paras School The Rose Orchid World School Admission Doon Valley Deeserve Media

नालागढ़ में दिनदहाड़े फायरिंग से कानून व्यवस्था ध्वस्त, जनता में भय का माहौल

यंगवार्ता न्यूज़ - शिमला    18-03-2026

भाजपा प्रदेश वरिष्ठ प्रवक्ता त्रिलोक कपूर ने नालागढ़ में दिनदहाड़े हुई फायरिंग की घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है और प्रदेश में खुलेआम गुंडा राज चल रहा है।

उन्होंने कहा कि नालागढ़ जैसे औद्योगिक क्षेत्र में दिनदहाड़े देसी कट्टे से फायरिंग होना अत्यंत गंभीर और चिंताजनक घटना है, जो यह दर्शाता है कि अपराधियों के हौसले कितने बुलंद हैं। आम नागरिक अब अपने आप को असुरक्षित महसूस कर रहा है और प्रदेश में भय का वातावरण बन चुका है। त्रिलोक कपूर ने कहा कि यह कोई एकल घटना नहीं है, बल्कि पिछले कुछ समय से प्रदेश में लगातार आपराधिक घटनाओं में वृद्धि हुई है। 

कांग्रेस सरकार की ढीली कानून व्यवस्था और प्रशासनिक निष्क्रियता के कारण अपराधियों को खुली छूट मिल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के संरक्षण में असामाजिक तत्व सक्रिय हैं और यही कारण है कि प्रदेश में अपराध का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। यदि सरकार सख्ती से कार्यवाही करती तो इस प्रकार की घटनाएं सामने नहीं आतीं।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि सरकार को चाहिए कि इस मामले में तुरंत और सख्त कार्रवाई करे तथा प्रदेश में कानून व्यवस्था को बहाल करे। साथ ही उन्होंने मांग की कि प्रदेश में बढ़ते अपराधों पर नियंत्रण के लिए ठोस रणनीति बनाई जाए। त्रिलोक कपूर ने कहा कि यदि कांग्रेस सरकार कानून व्यवस्था बनाए रखने में विफल रहती है तो भाजपा इस मुद्दे को सड़कों से लेकर सदन तक उठाएगी और जनता की सुरक्षा के लिए संघर्ष करेगी।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow