हिमाचल में मौसम ने ली करवट,पश्चिमी विक्षोभ के असर से राज्य की ऊंची चोटियों पर हल्का हिमपात दर्ज 

हिमाचल प्रदेश में मौसम ने करवट ली है और पश्चिमी विक्षोभ के असर से राज्य की ऊंची चोटियों पर हल्का हिमपात दर्ज किया गया है। जबकि शिमला और मनाली सहित प्रमुख हिल स्टेशनों में दिन भर बादल छाए रहे

Dec 13, 2025 - 20:36
 0  20
हिमाचल में मौसम ने ली करवट,पश्चिमी विक्षोभ के असर से राज्य की ऊंची चोटियों पर हल्का हिमपात दर्ज 
Paras School The Rose Orchid World School Admission Doon Valley Deeserve Media
Paras School The Rose Orchid World School Admission Doon Valley Deeserve Media

यंगवार्ता न्यूज़ - शिमला    13-12-2025

हिमाचल प्रदेश में मौसम ने करवट ली है और पश्चिमी विक्षोभ के असर से राज्य की ऊंची चोटियों पर हल्का हिमपात दर्ज किया गया है। जबकि शिमला और मनाली सहित प्रमुख हिल स्टेशनों में दिन भर बादल छाए रहे। लाहौल स्पीति, किन्नौर और चंबा जिले के अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रुक-रुक कर बर्फबारी होती रही। इससे पहाड़ों पर ठंड और बढ़ गई। 

शिमला, कुफरी और मनाली में बादलों की मौजूदगी के कारण धूप नहीं निकल पाई और तापमान में गिरावट महसूस की गई। मैदानी इलाकों में भी कई स्थानों पर बादल छाए रहे। इससे मौसम में ठंडक बढ़ी, हालांकि कहीं भी बारिश दर्ज नहीं हुई। बारिश न होने से किसानों और बागवानों को फिलहाल राहत नहीं मिल पाई है। 

मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान यानी 14 दिसंबर को चंबा, कुल्लू, किन्नौर और लाहौल स्पीति जिलों में हिमपात की संभावना है, जबकि राज्य के अन्य जिलों में मौसम साफ रहने का अनुमान है। इसके बाद 15 से 19 दिसंबर तक पूरे प्रदेश में मौसम के साफ रहने की संभावना जताई गई है। 

इस महीने अब तक राज्य में बारिश की एक भी बूंद नहीं गिरी है। इसका असर फसलों और फलों पर पड़ रहा है। मैदानी इलाकों में कई जगह गेहूं की बुआई का काम प्रभावित हो रहा है और नमी की कमी से किसान चिंतित हैं। इसी बीच प्रदेश में ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। 

लाहौल स्पीति जिले के ताबो में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे गिरकर माइनस 6.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि कुकुमसेरी में माइनस 3.5 और समधो में माइनस 2.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। अन्य शहरों की बात करें तो शिमला में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 4.3 डिग्री अधिक है, इसके बावजूद ठंड महसूस की जा रही है। 

राज्य के कई मैदानी इलाके शिमला से भी अधिक ठंडे रहे। बिलासपुर में न्यूनतम तापमान 6 डिग्री, हमीरपुर में 6.2, मंडी में 5.3, ऊना में 6.4, कांगड़ा में 7.4 और सोलन में 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अन्य प्रमुख स्थानों में सुंदरनगर में न्यूनतम तापमान 4.1, भुंतर में 2.1, कल्पा में 2.8 और मनाली में 4.4 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में मौसम साफ रहने से रात के तापमान में और गिरावट आ सकती है। इससे ठंड और बढ़ने की संभावना है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow